कैशबैक के लालच में शातिर ने शुरू किया था ठगी का खेल, आज रिमांड में उगलेगा राज Aligarh News
पेटीएम पर फर्जी अकाउंट बनाकर लोगों को ठगने वाले शातिर को गुरुवार को पुलिस आठ घंटे की रिमांड पर लेगी। शातिर तीन साल पहले बिजली के बिल जमा करता था जिसका कैशबैक मिलने पर उसे लालच होने लगा।
अलीगढ़, जेएनएन। पेटीएम पर फर्जी अकाउंट बनाकर लोगों को ठगने वाले शातिर को गुरुवार को पुलिस आठ घंटे की रिमांड पर लेगी। शातिर तीन साल पहले बिजली के बिल जमा करता था, जिसका कैशबैक मिलने पर उसे लालच होने लगा। लेकिन, एक एकाउंट पर दो कैशबैक मिलते थे। यहीं से उसने फर्जी एकाउंट बनाने की शुरुआत की। फिर धीरे-धीरे ठगी करने लगा।
यह है मामला
गांधीपार्क थाना क्षेत्र के मामू भांजा निवासी डॉ. पल्लवी के साथ 14 सितंबर को ठगी हुई थी। साइबर थाना में मुकदमा दर्ज हुआ। जांच में पुलिस ने शातिर अफरोज अब्बाजी निवासी महराजगंज को गोरखपुर से दबोचा था। शातिर ने एक गिरोह को ऑपरेट कर रहा था। जो किसी भी व्यक्ति के नाम से तीन-चार फर्जी सिम खरीद लेते थे। वेबसाइट से उस व्यक्ति का पैन नंबर लेकर पेटीएम पर फर्जी एकाउंट खोल लेते थे। फिर ठगी करते थे। आरोपित ग्रेजुएशन कर रहा है। पेटीएम पर मिलने वाले कैशबैक से उसके मन में लालच आया और उसने फर्जी एकाउंट बनाने की सोची। यू-ट्यूब पर इस बारे में जानकारी हासिल की। पहले एक साथी को भरोसे में लेकर फर्जी एकाउंट बनाया। फिर धीरे-धीरे इनके गिरोह बढ़ता गया। ठगी का तरीका ऐसा होता है कि जिस व्यक्ति के नाम से ठगी होती है, उसे जानकारी तक नहीं हो पाती। लेकिन, इसके गिरोह में कौन-कौन शामिल है, इसका अभी पता नहीं लगा है। इसके लिए पुलिस गुरुवार को आरोपित को आठ घंटे की रिमांड पर लेगी।
इंटरनेट मीडिया पर है 40 लोगों का ग्रुप
आरोपित 40 लोगों के साथ गिरोह चला रहा था। बाकायदा इसके लिए इंटरनेट मीडिया पर ग्रुप बनाया था। शातिर ने पेटीएम के करीब आठ सौ फर्जी एकाउंट बना रखे थे, जिसके जरिये ठगी की जाती था। यही नहीं, यह गिरोह पेटीएम एकाउंट बनाकर उन्हें पांच गुना दाम में बेच भी देते थे। पुलिस पूछताछ के दौरान 40 लोगों के बारे में पता करेगी।