मेरठ की महिला से अलीगढ़ के दारोगा ने किया दुष्कर्म, फेसबुक से बढ़ी थीं नजदीकियां
मेरठ की एक महिला ने अलीगढ़ जिले के जवां थाने के गोधा चौकी इंचार्ज पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। महिला का दावा है कि दारोगा ने उससे फेसबुक पर दोस्ती की और शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया।
अलीगढ़ (जेएनएन)। मेरठ की एक महिला ने अलीगढ़ जिले के जवां थाने के गोधा चौकी इंचार्ज पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। महिला का दावा है कि दारोगा ने उससे फेसबुक पर दोस्ती की और शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया। दबाव के चलते शादी भी कर ली, अब रखने के लिए तैयार नहीं है। मेरठ पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
फेसबुक पर हुई थी दोस्ती
परतापुर क्षेत्र की एक कॉलोनी में रहने वाली महिला ने बताया कि सरधना कोतवाली क्षेत्र के गांव कपसाड़ निवासी श्रीचंद सोम उत्तर प्रदेश पुलिस में दारोगा है। इससे छह माह पहले फेसबुक पर चेट से दोस्ती हुई। दोस्ती से पहले ही बता दिया था कि उसके पति की मौत हो चुकी है। दारोगा ने शादी का झांसा देकर उसे थाना जवां की गोधा चौकी बुलाया। यहां उसके साथ दुष्कर्म किया। दबाव डालने पर तीन माह पहले शादी कर ली। अब वह दूसरी शादी करने के चक्कर में घूम रहा है।
दारोगा बोला, मुझे कर रही ब्लैकमेल
दारोगा श्रीचंद सोम का कहना है कि महिला ने करीब छह माह पूर्व उसे फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी थी। उसने स्वीकार कर ली। उसने फेसबुक से नंबर लेकर मुझसे बात करनी शुरू कर दी। अगस्त में वह छुट्टी गया था तो महिला ने जन्मदिन पार्टी के बहाने अपने घर बुलाया। यहां पर मुझे बेहोश करके अपने साथ कुछ फोटो उतार लिए और शादी करने की बात बोलकर मुझे ब्लैकमेल करने लगी। उसने महिला से शादी नहीं की है।
जांच में पता चलेगी हकीकत
एसपी क्राइम सतपाल अंतिल ने बताया कि महिला की शिकायत पर परतापुर पुलिस को जांच के आदेश दिए हैं। दारोगा से बात हुई है। जांच के बाद ही बताया जाएगा कि दोनों की शादी हुई या नहीं। दुष्कर्म हुआ या नहीं।