हेड कांस्टेबिल सहित चार लोग कोरोना पॉजिटिव, थाने में खलबली Aligarh news
इसके साथ ही कस्बा के दो अन्य युवक भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए है जिन्हें स्वास्थ्य विभाग द्वारा मुरसान के कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अलीगढ़, [जेएनएन]। मंगलवार को कोरोना पॉजिटिव के चार नए मामले निकले। सासनी कोतवाली में तैनात एक 29 वर्षीय हेड कांस्टेबिल की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव मिलने से पुलिस महकमे में खलबली मच गई है। इसके साथ ही कस्बा के दो अन्य युवक भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए है ,जिन्हें स्वास्थ्य विभाग द्वारा मुरसान के कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस महकमे में खलबली
पॉजिटिव मिले हेड कांस्टेबिल को स्वास्थ्य विभाग की एम्बुलेंस द्वारा मुरसान के कोविड एल वन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अगले 24 घँटे तक थाने में आवाजाही पर रोक लगा दी गई है,सबंधित कर्मचारी एवं अधिकारियों को होम क्वारंटाइन करा दिया गया है। विशेष परिस्थितियों में थाने के काम काज की देखभाल के लिए,अतिरिक्त पुलिस एवं यूपी 112 की पुलिस थाना क्षेत्र की गतिविधियों पर नजर रखेगी। अहम सवाल यह है कि पिछले दिन मंगलवार को पॉजिटिव पाए गए हेड कांस्टेबिल द्वारा पुलिस कप्तान के निर्देश पर अधिकांश उप निरीक्षकों के मोबाइल पर एक एप डाउनलोड किया गया था। जिससे यह स्पष्ट हो गया है कि अधिकांश उप निरीक्षक इस हेड कांस्टेबिल के संपर्क में आए थे। इस कारण पुलिस महकमे में खलबली मचना स्वाभाविक है, दूसरी ओर स्वास्थ्य विभाग की टीम थाने के सभी कर्मचारियों के सेंपल लेने की प्रक्रिया शुरू कर रही है। सम्पूर्ण थाने के एरिया को सेनेटाइज कराने के लिए नगर पंचायत प्रशासन एवं फायरब्रिगेड के कर्मचारियों को सूचना भेज दी गई है। इसके साथ ही सासनी में दो लोग और पॉजिटिव मिले है। साथ ही शहर के खाती खाना में 55 वर्षीय व्यक्ति पॉजिटिव निकला है। जिसे एल वन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
पूर्व में निकले थे दो पुलिस कर्मी पॉजिटिव
सासनी कोतवाली से जुड़ी गोहाना चौकी पर तैनात रहे दो पुलिसकर्मियों को कोरोना हुआ था। जिन्हें एल वन अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पाँच दिन पूर्व ही दोनों पुलिसकर्मियों की दूसरी व तीसरी रिपोर्ट नेगेटिव आने पर अस्पताल से डिसचार्ज किया गया था।