Lockdown 4 News: कांग्रेस के पूर्व सांसद बोले, संकट के समय मजहब की सियासत ठीक नहीं Aligarh News
प्रशासन के विपक्षी दलों के पूर्व सांसद व विधायकों न बुलाने पर भी एतराज जताया। डीएम से अनुरोध किया है कि वे इसका ध्यान रखें।
अलीगढ़[जेएनएन]: सांसद सतीश गौतम व पूर्व विधायक जमीर उल्लाह में मजहब को लेकर हुई बयानबाजी में कांग्रेस के पूर्व सांसद बिजेंद्र सिंह ने एंट्री की। प्रशासन के विपक्षी दलों के पूर्व सांसद व विधायकों न बुलाने पर भी एतराज जताया। डीएम से अनुरोध किया है कि वे इसका ध्यान रखें।
महामारी से आमजन त्रस्त
पूर्व सांसद बिजेंद्र सिंह ने कहा है कि देश में महामारी से आमजन त्रस्त हैं। लगातार पॉजिटिव केस आ रहे हैं। ऐसे में सांसद सतीश गौतम मजहब की सियासत कर रहे हैं। वे मस्जिदों में लाउडस्पीकर से अजान होने का दावा करते हुए विरोध पर उतर आए हैं। सिंह ने सांसद व पूर्व विधायक से गुजारिश की है कि मर्यादाओं में रहकर सियासत करें।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जमानत मिलते ही फिर गिरफ्तार
आगरा : प्रवासी मजदूरों के लिए कांग्रेस की ओर से बस भेजने का मामला बुधवार को भी सुर्खियों में रहा। मंगलवार को राजस्थान बार्डर से गिरफ्तार कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, राष्ट्रीय सचिव विवेक बंसल व पूर्व विधायक प्रदीप माथुर को 20-20 हजार रुपये के निजी मुचलके पर शाम को 16 जुलाई तक अंतरिम जमानत मिल गई। लेकिन, दीवानी परिसर से बाहर निकलते ही वहां पहले से मौजूद लखनऊ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। वह हजरतगंज थाने में दर्ज धोखाधड़ी के मुकदमे में नामजद हैैं। इससे आक्रोशित कांग्रेसियों ने हंगामा कर दिया। वह लखनऊ पुलिस की गाड़ी के आगे लेट गए, जिन्हें बमुश्किल पुलिस ने हटाया।
लॉकडाउन के उल्लंघन की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज
फतेहपुर सीकरी के चौमा शाहपुर (राजस्थान बार्डर) पर बसें मंगलवार को रोक दी थीं। इन्हें प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू सहित कांग्र्रेस के अन्य नेता लेकर आए थे, जिन्होंने बार्डर पर धरना दिया था। पुलिस ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष समेत पांच को हिरासत में ले लिया था। देर रात पुलिस की ओर से फतेहपुर सीकरी थाने में प्रदेशाध्यक्ष, विवेक बंसल के खिलाफ नामजद व चार-पांच अज्ञात के खिलाफ महामारी एक्ट और लॉकडाउन के उल्लंघन की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की। बाद में पूर्व विधायक प्रदीप माथुर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। बुधवार सुबह से ही कांग्रेसी पुलिस लाइन के मुख्य गेट पर जुट गए। उन्होंने सरकार के खिलाफ धरना-प्रदर्शन और नारेबाजी भी की। पुलिस ने तीनों नेताओं को शाम लगभग 4:30 बजे कोर्ट में प्रस्तुत किया। एएसपी सौरभ दीक्षित ने बताया कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष लखनऊ के हजरतगंज थाने में दर्ज मुकदमे में आरोपित थे। उन्हेंं लखनऊ पुलिस गिरफ्तार करके अपने साथ ले गई।
फर्जी तरीके से लिखा मेरे खिलाफ मुकदमा : लल्लू
कोर्ट से अंतरिम जमानत मिलने के बाद कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने पत्रकारों से कहा कि उप्र सरकार दमन करना चाहती है। वो लाख दमन करना चाहे तो कर लेे, मैं जेल व लाठी से नहीं डरता। राजनीति में जेल व मुकदमे इनाम होते हैं। इनके लिए मैं तैयार हूं। लखनऊ में मेरे खिलाफ फर्जी तरीके से मुकदमा लिखा गया है। मैं बार-बार जेल चला जाऊंगा, लेकिन मजदूरों को उनके घरों तक जाने दीजिए।