protest of CAA and NRC: दंगा भड़काने के आरोप में पांच के शस्त्र लाइसेंस रद Aligarh News
23 फरवरी को सीएए व एनआरसी के विरोध में दंगा भड़काने के आरोप में शहर के पांच लोगों के शस्त्र लाइसेंस निरस्त हो गए है। डीएम चंद्रभूषण सिंह ने कोर्ट में सुनवाई के बाद यह फैसला सुनाया। कुछ ने फायरिंग भी की थी।
अलीगढ़, [ सुरजीत पुंंढीर ]। 23 फरवरी को सीएए व एनआरसी के विरोध में दंगा भड़काने के आरोप में शहर के पांच लोगों के शस्त्र लाइसेंस निरस्त हो गए हैं। डीएम चंद्रभूषण सिंह ने कोर्ट में सुनवाई के बाद यह फैसला सुनाया। आरोप है कि लाइसेंसधारकों ने शहर के तनावपूर्ण माहौल में हथियार लेकर संवेदनशील क्षेत्रों में भ्रमण भी किया था। कुछ ने फायरिंग भी की थी।
पुलिस ने जांच रिपोर्ट डीएम को भेजी
नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) व राष्ट्रीय नागरिकता रजिस्टर (एनआरसी) के खिलाफ जनवरी और फरवरी में शहर में विरोध प्रदर्शन हुए थे। शाहजमाल में कई दिनों तक धरना चला। 23 फरवरी को ऊपरकोट जामा मस्जिद के सामने बवाल हुआ। बाबरी मंडी में गोली लगने से युवक की मौत हो गई। कई घायल भी हुए। पुलिस ने 12 मार्च को आधा दर्जन आरोपितों को गिरफ्तार किया। पुलिस जांच में पता चला कि शस्त्र लाइसेंसधारकों ने भी तनाव बढ़ाने के प्रयास किए थे। कुछ लोग तो खुलेआम हथियार लेकर घूमते रहे थे। पुलिस ने जांच रिपोर्ट डीएम को भेजी।
निलंबित कर दिए नोटिस
डीएम ने नजर अख्तर, गयासुद्दीन, महेश कुमार, कृष्ण कुमार व सलीम के लाइसेंसों को निलंबित कर नोटिस जारी कर जवाब मांगा। सभी लाइसेंसधारकों ने जवाब दिया। डीएम कोर्ट में बहस चली। डीएम जवाब से संतुष्ट नहीं हुए। तीन अक्टूबर को डीएम कोर्ट ने सभी लोगों के शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने के आदेश जारी कर दिए।
जिले में 37 हजार शस्त्र लाइसेंस
जिले में करीब 37 हजार शस्त्र लाइसेंस हैं। वैसे तो लोग लाइसेंस सुरक्षा के लिए लेते हैं, लेकिन लाइसेंसी हथियार का प्रयोग रंजिश व दिखावे में भी होने लगा है। हर्ष फायङ्क्षरग के मामले भी बढ़े हैं। प्रशासन ने ऐसे मामलों में सख्ती कर दी है।
कारतूस की बढ़ी थी बिक्री
सीएए-एनआरसी के विरोध प्रदर्शन व तनावपूर्ण माहौल के बीच शहर में शस्त्रों की दुकानों पर कारतूसों की बिक्री में बढ़ोतरी हो गई थी। डीएम ने करीब 56 दुकानों की जांच के आदेश दिए थे। 80 फीसद खोखे होने की जांच कराई गई। इसमें कई दुकानों पर खामियां मिलीं। इन दुकानों के खिलाफ भी कार्रवाई की प्रक्रिया चल रही है।
सीएए-एनआरसी के विरोध पर दंगा भड़काने के आरोप में पांच लोगों से लाइसेंस निलंबित कर जवाब मांगा था। किसी ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया तो उनके लाइसेंस निरस्त कर दिए।
चंद्रभूषण सिंह, डीएम