पूर्ण गणवेश में पथ संचलन पहली बार कदमताल करते निकले बाल स्वयंसेवक
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कक्षा छह से लेकर आठवीं तक के स्वयंसेवकों ने पथ संचलन में कदमताल किया।
जेएनएन [ अलीगढ़ ] : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कक्षा छह से लेकर आठवीं तक के स्वयंसेवकों ने पथ संचलन में कदमताल किया। यह पहली बार है जब बाल स्वयंसेवकों का पूर्ण गणवेश में पथ संचलन निकाला गया है। स्वयंसेवकों के कदम से कदम मिल रहे थे। उनके स्वागत में शहर में पुष्पवर्षा की गई। भारत माता-वंदेमातरम के जयघोष से संचलन मार्ग गूंज उठा।
राष्ट्र के लिए समर्पित रहना है
इससे पहले आगरा रोड स्थित केपी इंटर कॉलेज में सुबह आठ बजे पूर्ण गणवेश में कक्षा छह से आठवीं तक के स्वयंसेवक एकत्र हुए। प्रांत बौद्धिक शिक्षण प्रमुख देवराज ने कहा कि संघ का उद्देश्य उच्च आदर्शों से युक्त राष्ट्र को समर्पित नागरिक तैयार करना है, जो राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण होंगे। विभाग संघचालक राजकुमार ने कहा कि यह पहली बार है, जब बाल स्वयंसेवक पथ संचलन निकाल रहे हैं। संघ की प्रार्थना के बाद संचलन प्रारंभ हुआ। स्वयंसेवक सासनीगेट, जयगंज, सराय मानसिंह होते हुए पुन: केपी इंटर कॉलेज पहुंचे। बाल स्वयंसेवकों के कदम से कदम मिलते देख हर कोई गदगद हो उठा। संघ के कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह पुष्पवर्षा की। विभाग कार्यवाह ललित और विभाग शारीरिक शिक्षण प्रमुख योगेश ने संचलन की सराहना की। खास बात रही कि संचलन में मुख्य शिक्षक भी बाल स्वयंसेवक ही थे। महानगर प्रचारक धर्मेंद्र कुमार, प्रचार प्रमुख महेश कुमार, विस्तारक रविकांत, सह कार्यवाह टीकम, घोष प्रमुख प्रीतम, नगर कार्यवाह पंकज, मुकेश, ओम प्रकाश, देवेंद्र, मुकेश कुमार बंटी, राजकुमार, प्रतीक, पुष्पेंद्र कुमार आदि मौजूद थे।