यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 23, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Chandra Grahan 2024: होली पर लगने वाला है चंद्र ग्रहण, 100 साल बाद बन रही ऐसी स्थिति; इन जगहों पर दिखेगा असर
ज्योतिषाचार्य स्वामी पूर्णानंदपुरी के अनुसार होलिका दहन का शुभ मुहूर्त सर्वार्थ सिद्धि योग में रविवार को रात इतने बजे से ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, अलीगढ़। Chandra Grahan 2024: होली का पर्व नजदीक आते ही हुरियारों पर होली की मस्ती सिर चढ़कर बोल रही है। एक दूसरे के चेहरे पर इतना रंग लगा रहे हैं कि सब एक जैसे नजर आ रहे हैं। सार्वजनिक स्थानों पर हो रहे कार्यक्रमों में भी होली का उत्साह देखते ही बन रहा है।
होली के गीतों के साथ जमकर होली खेली जा रही है। रविवार को होलिका दहन होगा। शनिवार को होलिका दहन स्थलों पर होलिका बढ़ाने की होड़ लगी रही। सोमवार को होली मनाई जाएगी। जिले में 2765 स्थानों पर होलिका दहन होगा। इसमें शहर में 591 और ग्रामीण क्षेत्र में 2174 स्थान हैं।
होलिका दहन व पूजन का समय
ज्योतिषाचार्य स्वामी पूर्णानंदपुरी के अनुसार होलिका दहन का शुभ मुहूर्त सर्वार्थ सिद्धि योग में रविवार को रात 11:12 बजे से 12:24 बजे तक रहेगा। लोकाचार व धार्मिक मान्यताओं के अनुसार सोमवार को सूर्योदय से पूर्व किया जा सकता है। होलिका दहन से पहले रविवार को भद्रा पुच्छ काल में 06:34 बजे से 07:54 बजे तक रहने के कारण होलिका पूजन करना शुभ रहेगा।
ऐसे करें पूजा
होलिका के पास पूर्व या उत्तर दिशा की ओर बैठकर कच्चे सूत को होलिका के चारों ओर तीन या सात परिक्रमा करते हुए लपेटें रोली चावल से तिलक कर घर पर बने मिष्ठान और देसी घी की अठावरी का भोग लगाकर जल अर्पित करें। होलिका और भक्त प्रहलाद की जय का उद्घोष करें। पूजन के बाद हाथ में शुद्ध जल का लोटा लेकर परिक्रमा कर अर्घ्य दें।
आहुति के लिए कच्चे आम, नारियल, भुट्टे या सप्तधान्य एवं नई फसल का कुछ भाग प्रयोग करें। सप्तधान्य में गेहूं, उड़द, मूंग, चना, जौ, चावल और मसूर आदि वस्तुएं शामिल हैं।
होली पर चंद्रग्रहण, सूतक काल मान्य नहीं
ज्योतिषाचार्य हिमांशु शास्त्री ने बताया कि 100 सालों के बाद इस बार होली पर 25 मार्च को चंद्र ग्रहण लग रहा है। ऐसे में लोग असमंजस में हैं, लेकिन, होली पर यह चंद्र ग्रहण भारत में नहीं नजर आएगा ऐसे में भारत में सूतक काल भी मान्य नहीं होगा। वैसे ग्रहण काल सुबह 10.23 बजे से शुरू होगा और दोपहर 3.02 बजे तक रहेगा।
यह भी पढ़ें:
