गैस सिलेंडर में लगी आग, चार झुलसे
हाथरस के लाला का नगला स्थित एक मकान में अचानक गैस सिलेंडर लीकेज के चलते आग लग गई।
अलीगढ़ : हाथरस के लाला का नगला स्थित एक मकान में अचानक गैस सिलेंडर लीकेज के चलते आग लग गई। में एक बच्चा सहित चार लोग बुरी तरह झुलसे हैं, जिन्हें अलीगढ़ के मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। इसमें एक महिला की हालत गंभीर बताई गई है।
हादसा ओमप्रकाश के घर में हुआ। उनकी पत्नी माया देवी रसोई में चाय बना रहीं थीं। नाती नितिन(2) पुत्र बंटू व भाजी रचना भी वहीं बैठे थे। तभी सिलेंडर के गैस की बदबू आने लगी और आग लग गई। अचानक लीकेज होने के चलते कोई कुछ समझ नहीं सका। आग की लपटें पूरी रसोई में फैल गईं और रचना, नितिन व माया देवी चपेट में आ गए। चीख-पुकार सुन बंटू उन्हें बचाने दौड़ा तथा आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। हादसे में वह भी झुलस गया। शोर सुनकर आस-पड़ोसी आ गए। झुलसे चारों लोगों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रैफर कर दिए गए। इधर, लोगों की मदद से गैस सिलेंडर को बाहर निकाला गया। सिलेंडर फटने के डर से मोहल्ले में अफरा-तफरी मची रही। लोगों जैसे तैसे आग बुझाई। इस दौरान घर का काफी सामान भी जल गया। रचना की हालत नाजुक बताई जा रही है।
हाल ही में अग्निशमन विभाग ने 14 से 20 अप्रैल तक अग्निशमन सुरक्षा सप्ताह मनाया है। इसमें अग्निकाड से बचाव के लिए लोगों को जागरूक किया गया। गैस सिलेंडर से होने वाले हादसों से बचने की विशेष रूप से जानकारी दी गई। विभाग के ये प्रयास काम आते नहीं दिख रहे।