चुनाव ने रोक दिए बड़े वाहनों के पहिए, दिनभर जाम झेलते रहे लोग Aligarh news
एमएलसी चुनाव के दिन बड़े वाहनों का शहर में प्रवेश नहीं रोका गया जिसके चलते मतदान केंद्रों के बाहर जाम की स्थिति बन रही है। सबसे अधिक जीटी रोड पर जाम लगा रहा। नौरंगाबाद से लेकर गांधीपार्क चौराहे तक लोग जाम से जूझते रहे।
अलीगढ़, जेएनएन : एमएलसी चुनाव के दिन बड़े वाहनों का शहर में प्रवेश नहीं रोका गया, जिसके चलते मतदान केंद्रों के बाहर जाम की स्थिति बन रही है। सबसे अधिक जीटी रोड पर जाम लगा रहा। नौरंगाबाद से लेकर गांधीपार्क चौराहे तक लोग जाम से जूझते रहे। दोपहर एक बजे यह स्थिति हो गई कि वाहनों की लंबी कतार लग गई। इससे मतदाताओं को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
आज एमएलसी का हो रहा मतदान
एमएलसी चुनाव के लिए मंगलवार सुबह आठ बजे से मतदान शुरू हो गया था। स्नातक और शिक्षक एमएलसी पद के लिए वोट पड़ रहे हैं। सुबह वाहनों की आवाजाही इतनी नहीं थी इसलिए जाम की स्थिति नहीं बनी। मगर सुबह 11बजे के बाद से जाम लगने लगा। नौरंगाबाद से लेकर अचल ताल तक आधा दर्जन से भी अधिक इंटर कॉलेज और डिग्री कॉलेज हैं, इसलिए यहां कॉलेजों में पॉलिंग बूथ बनाए गए हैं। नौरंगाबाद में डीएवी इंटर कॉलेज, रतन प्रेम कन्या इंटर कॉलेज है। यहां पर बूथ बनाए गए हैं। नौरंगाबाद पुल पर चढ़ते ही जाम शुरू हो गया। पुल से उतरते ही हीरालाल बारहसैनी इंटर कॉलेज, श्री वार्ष्णेय डिग्री कॉलेज, डीएस डिग्री कॉलेज है। यहां विभिन्न संगठनों से जुड़े कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने बस्ते भी लगा रखे हैं इससे यहां जाम के हालात हैं। दुबे पड़ाव चौराहे तक वाहनों की लंबी कतार लग रही है। मतदाताओं को आने जाने में दिक्कत हो रही है। एमएलसी चुनाव को देखते हुए प्रशासन को बड़े वाहनों को शहर में प्रवेश रोकना चाहिए था। उन्हें एटा चुंगी बाईपास से होकर निकालना चाहिए था। मगर, पहले से ध्यान नहीं दिया गया। इसलिए मतदाताओं को जाम से जूझना पड़ रहा है। चूंकि आज सहालग भी है। इसलिए भी वाहनों की संख्या सड़कों पर आम दिनों की अपेक्षा कहीं ज्यादा दिख रही है। इसलिए भी जाम लग रहा है। जिन स्थानों पर बस्ते लगे हुए हैं, वहां आसपास पुलिस की व्यवस्था नहीं की गई है। इससे जाम को खुलवाया जा सके हालांकि मतदान केंद्रों पर फोर्स तैनात है। मगर, वो जाम खुलवाने में मदद नहीं कर रहे हैं। एसपी ट्रैफिक सतीश चंद ने बताया कि वाहन लगातार चल रहे हैं कहीं भी जाम नहीं लगा है । हालांकि वाहनों की संख्या अधिक होने के कारण वाहन धीमी गति से चल रहे हैं। शहर में यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए ट्रैफिक कर्मी ड्यूटी पर मुस्तैद हैं।