श्रावस्ती मॉडल से होगा भूमि विवादों का निपटारा
सबहेड - एक से 31 जनवरी तक सूबे में चलाया जाएगा विशेष अभियान प्रयास - समाधान दिवस, आइजीअ
जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : भूमि विवादों का निस्तारण अब श्रावस्ती मॉडल के हिसाब से होगा। शासन के निर्देश पर सूबे में एक से 31 जनवरी तक विशेष अभियान चलेगा। संपूर्ण समाधान दिवस, आइजीआरएस पोर्टल व थाना दिवस में आने वाले शिकायतें प्राथमिकता से निबटाएंगे। थाना स्तर पर पुलिस व प्रशासनिक अफसरों की कमेटी भी बनेगी।
अभी भूमि विवाद सुलझाने में काफी समय लगता है। इससे आपसी टकराव बढ़ता है और आंकड़ों में अपराधों का ग्राफ। बीते दिनों श्रावस्ती जिले में एकमुश्त भूमि विवादों का निपटारा किया गया है। शासन को यह खूब भाया और पूरे प्रदेश में विशेष अभियान चलाकर भूमि विवाद निपटाने का निर्देश जारी हो गया। एडीएम प्रशासन आरएन शर्मा ने बताया कि अभियान में संपूर्ण समाधान दिवस, थाना व आइजीआरएस पोर्टल की शिकायतों को भी लेंगे। फिर, थाना स्तर पर राजस्व व पुलिस विभाग की 10 सदस्यीय दो टीमें बनाएंगे। इसमें तहसीलदार, नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक, न्यूनतम चार लेखपाल व एक थानाध्यक्ष होंगे। जहां ज्यादा शिकायतें होंगी, उसी गांव से समस्याओं का समाधान शुरू होगा। बाकायदा थाने की जनरल डायरी (जीडी) में भी टीम की रवानगी का जिक्र होगा। डीएम-एसएसपी भी हफ्ते में एक ग्राम पंचायत का निरीक्षण करेंगे। शासन को भी प्रगति रिपोर्ट दी जाएगी।
---