इंटरनेट मीडिया और टि्वटर पर शहर की चर्चा, अधिकारी भी कर रहे लाइक व रीट्वीट, जानिए क्या है मामला Aligarh news
शहर को संवारने और जनसमस्याओं के निस्तारण के चल रहे प्रयासों की शासन में भी चर्चा होने लगी है। नगर विकास विभाग उप्र के टि्वटर एकाउंट से यहां हो रहे विकास कार्यों के फोटो पोस्ट किए जा रहे हैं।
अलीगढ़, जेएनएन : शहर को संवारने और जनसमस्याओं के निस्तारण के चल रहे प्रयासों की शासन में भी चर्चा होने लगी है। नगर विकास विभाग, उप्र के टि्वटर एकाउंट से यहां हो रहे विकास कार्यों के फोटो पोस्ट किए जा रहे हैं। बुधवार को डिवाइडर और फ्लाईओवर के फोटो पोस्ट कर इन कार्यों की सराहना की गई। नगर आयुक्त प्रेम रंजन सिंह ने इसे रीट्वीट किया है।
चौपाल लगाकर सुनी जा रही समस्याएं
दो दिन पूर्व मेयर मोहम्म्द फुरकान की चौपाल के फोटो नगर विकास विभाग के टि्वटर एकाउंट पर पोस्ट किए गए थे। नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन ने जनसमस्याओं के निस्तारण के लिए चौपाल लगाए जाने की सराहना की। मेयर में फोन पर वार्ता भी हुईं। दरअसल, मेयर ने वार्ड स्तर पर चौपाल लगाकर जनसमस्याएं सुनने और उनके निस्तारण की योजना बनाई है। कालीदह मरघट के निकट उनकी पहली चौपाल लगी थी। सात दिन में समस्याओं के निस्तारण की समयसीमा निर्धारित की गई। इसी चौपाल के फोटो ट्वीट किए गए थे। अब रंगने के बाद आकर्षक नजर आ रहे डिवाइडर व फ्लाईओवर के फोटो ट्वीट किए हैं। ये फोटो मुख्यमंत्री कार्यालय, उप्र गवर्नमेंट समेत कई अन्य विभागों को जोड़कर ट्वीट किए गए हैं। नगर निगम द्वारा यहां रंगाई-पुताई का काम चल रहा है। क्षतिग्रस्त हिस्सों को दुरुस्त कराया जा रहा है। जेल रोड फ्लाईओवर की रेलिंग, जालियों को भी रंगा गया है। इससे फ्लाईओवर आकर्षक नजर आ रहा है। टि्वटर एकाउंट पर फोटो आने पर ये पोस्ट इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गई। नगर आयुक्त व अन्य अधिकारियों ने से इसे लाइक कर रीट्वीट किया है।