अलीगढ़ में धम्म चेतना यात्रा मंच उखाड़ा, नहीं होने दी सभा
सारनाथ से लखनऊ जा रही धम्म चेतना यात्रा का अलीगढ़ में दलित समाज ने विरोध और हंगामा किया। भिक्षु धम्म वीरियो ने इसे मायावती की साजिश बताया।
अलीगढ़ (जेएनएन))। सारनाथ से लखनऊ जा रही धम्म चेतना यात्रा का अलीगढ़ में दलित समाज ने विरोध किया, यहां जमकर हंगामा हुआ। वजह रही, भाजपाइयों की मौजूदगी। लोगों ने नगला मानसिंह में धम्म उपदेश के लिए बना मंच उखाड़ दिया। बौद्ध भिक्षुओं और भाजपाइयों को बिना मठ पूजन और जनसभा किए उल्टे पांव दौड़ा दिया। बसपाइयों पर लोगों को उकसा कर बवाल कराने का आरोप लगा है।
उत्तर प्रदेश के राजनीतिक समाचारों के लिये यहां क्लिक करें
उत्तर प्रदेश के अन्य समाचार पढऩे के लिये यहां क्लिक करें
अखिल भारतीय भिक्षु संघ के नायक व पूर्व सांसद भदंत धम्म वीरियो के नेतृत्व में सुबह नौ बजे से धम्म चेतना यात्रा निकाली गई। भाजपाइयों ने जगह-जगह भिक्षुओं का स्वागत किया। सुबह साढ़े 11 बजे यात्रा नगला मानसिंह पहुंची। यहां धम्म उपदेश के लिए बौद्ध विहार पार्क में जनसभा व मठ पूजन कार्यक्रम था। यात्रा के आने से पहले ही बड़ी संख्या में पहले ही से पार्क व उसके आसपास जुटे दलितों ने बौद्ध भिक्षुओं के साथ भाजपाइयों को देखते ही नारेबाजी शुरू कर दी। डॉ. धम्म वीरियो ने मठ पूजन शुरू किया तो इन लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस की मौजूदगी में ही पार्क में लगे मंच को उखाड़ कर कुर्सियों को पार्क के बाहर फेंकना शुरू कर दिया। बौद्ध भिक्षुओं से अभद्रता भी की। हंगामा कर रहे अराजक तत्वों ने कहा कि भाजपाइयों के साथ आने वाले बौद्ध भिक्षु नहीं हो सकते। डॉ. भदंत वीरियो के समझाने पर भी लोग नहीं मानें तो उन्हें पूजन बीच में छोड़ लौटना पड़ा।
बसपा की साजिश
डॉ. धम्म वीरियो ने कहा कि बौद्ध धर्म और डॉ. अंबेडकर के अनुयायी बौद्ध भिक्षुओं का अपमान नहीं कर सकते, अधर्मी लोग ही ऐसा कर सकते हैं। यह सब बसपा के इशारे पर हुआ। मायावती दलितों को गलत शिक्षा दे रही हैं।