प्रशासन की सख्ती के बाद भी रात के अंधेरे में पराली में लगा रहे आग
उच्चतम न्यायालय व एनजीटी ने पर्यावरण प्रदूषण को देखते हुए खेतों में फसल के अवशेष जलाए जा रहे हैं।
अलीगढ़ : उच्चतम न्यायालय व एनजीटी ने पर्यावरण प्रदूषण को देखते हुए खेतों में फसल के अवशेष यानि पराली को जलाने पर भले ही रोक लगा रखी है। प्रशासन एवं कृषि विभाग भी गांव-गांव जाकर अभियान चलाकर जागरूक कर रहा है। इसके बावजूद अभियानों का असर गांव में किसानों में नजर नहीं आ रहा है। जिलाधिकारी के सख्त निर्देश के बावजूद किसान रात के अंधेरे में खेत में पराली में आग लगाते देखे जा रहे हैं। गुरुवार की देर शाम हरदुआगंज -कासिमपुर रोड के संपर्क मार्ग पर कई स्थानों पर पराली जलती हुई दिखाई दी। रात का अंधेरा होते ही किसान खेतों में धान की पराली में आग लगा देते हैं। यह नजारे गांवों के संपर्क मार्गो के सहारे खेतों में देखे जा रहे हैं। इस साल भले ही प्रशासन की तरफ से बरती जा रही सख्ती बेअसर दिखाई दे रही है। कुछ मामले प्रशासन के सामने आने पर किसानों पर सख्त कार्रवाई भी हुई है।