पूर्व एएमयू छात्र के घर पर किसने की तोड़फोड़ और फायरिंग?
एएमयू छात्रसंघ के शपथ ग्रहण समारोह में हुआ विवाद गहरा गया है।
अलीगढ़ (जेएनएन)। एएमयू छात्रसंघ के शपथ ग्रहण समारोह में हुआ विवाद गहराता जा रहा है। एएमयू छात्र यासिर पर हुए हमले के पीछे यही गुटबंदी थी। ताजा घटना तड़के हुई। सिविल लाइंस क्षेत्र में गालिब बाग स्थित न्यू फ्रेंडस अपार्टमेंट में पूर्व छात्र अदीब शेरवानी के फ्लैट को निशाना बनाकर बाइक सवारों ने ताबड़तोड़ फायरिंग, पथराव किया, खिड़की, दरवाजे क्षतिग्रस्त हो गए। शुक्र रहा किसी को चोट नहीं आयी। ये हमला पूर्व में हुई घटना की प्रतिक्रिया बताया जा रहा है। अदीब भी हॉस्टल में हुई फायरिंग में नामजद है। तहरीर लेकर पुलिस छानबीन में जुटी है।
सुबह तड़के हुई फायरिंग
न्यू फ्रेंडस अपार्टमेंट निवासी नईम अहमद खां बेसिक शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त हेड मास्टर हैं। तड़के साढ़े तीन बजे बाइक सवार युवक इन्हीं के बेटे अदीब को तलाशते हुए आए थे। चौकीदार से गेट खोलने को कहा था, मगर उसने खोला नहीं। परिजनों का कहना है कि युवकों ने सड़क पर खड़े होकर फ्लैट पर पथराव और कई राउंड फायरिंग की। फ्लैट पहली मंजिल पर सड़क की ओर है। खिड़की, दरवाजे क्षतिग्रस्त हो गए, दीवार में गोलियां धंस गई। तमंचे लहराते हुए ये लोग फरार हो गए।
आपसी गुटबंदी गहराई
आपसी गुटबंदी की संभावना जताई जा रही है। हमले में नामजद हमलावर वही हैं, जो एमएम हॉल में हुई फाय¨रग में अभियुक्त बनाए गए थे। यासिर भी इसी हॉल में रहता है। छात्रसंघ के शपथ ग्रहण समारोह में हुए हंगामे की वजह भी यही गुटबंदी मानी जा रही है। इस घटना को छात्रसंघ के शपथ ग्रहण समारोह में हुई मारपीट के बाद रात में हुए बाइकर्स के उत्पात से भी जोड़कर देखा जा रहा है। तब मैकडोनाल्ड, सुलेमान व एमएम हॉल पर फाय¨रग कर छात्रों को धमकाया गया था।
20 अज्ञात के खिलाफ कराई रिपोर्ट
घटना से गुस्साए छात्रों ने जमकर हंगामा किया। तब एमएम हॉल के छात्र मोहम्मद आरिफ ने सिविल लाइंस थाने में पूर्व छात्रसंघ सचिव नवील उस्मानी, हस्सान धौन, विलाल जावेद, अदीब शेरवानी निवासी गालिब बाग, मुरादाबाद निवासी मोहम्मद शादिक, मुजम्मिल उर्फ मुजी गनी निवासी कश्मीर, ओसामा निवासी धौर्रा माफी के अलावा 15-20 अज्ञात के खिलाफ जानलेवा हमले समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
छानबीन में जुटी पुलिस
दूसरी रिपोर्ट कासगंज निवासी राहिल ने राशिद, सादाब, हिलाल, एएमयू छात्र शाहजेब और जॉटी मलिक निवासी शाहजहापुर के खिलाफ लिखाई थी। दोनों मामलों की छानबीन कर रही सिविल लाइंस पुलिस अब ताजा मामले की छानबीन में भी जुट गई है।