आवारा पशुओं से फसल बचाने को छोड़ा करंट, किशोर की मौत Hathras News
हसायन के गांव छितिपुर के मजरा नगला पार में पशुओं की रोकथाम के लिए लगाई गई तारों की बाड़ में छोड़े गए करंट से किशोर की मौत हो गई।
हाथरस [जेएनएन]। हसायन के गांव छितिपुर के मजरा नगला पार में पशुओं की रोकथाम के लिए लगाई गई तारों की बाड़ में छोड़े गए करंट से किशोर की मौत हो गई। उसे परिजन कुछ सांस की आस में अलीगढ़ जिला अस्तपाल में ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने खेत स्वामी के खिलाफ तहरीर दी है।
यह है मामला
गांव छितिपुर निवासी सुखदेव खेती बाड़ी कर परिवार चलाते हैं। उनका बेटा रोहित कश्यप (15 वर्ष) हसायन के जूनियर हाईस्कूल में कक्षा आठवीं का छात्र था। वह रविवार शाम को बड़े भाई संजय कश्यप के साथ खेत पर गेहूं की फसल में पानी लगाने के लिए गया था। संजय ने बताया कि पड़ोस के किसान गुड्डन ने अपनकी आलू की फसल के खेतों में लोहे के तारों की बाड़ लगा रखी थी। इसमें हाई वोल्टेज करंट छोड़ रखा था, ताकि जंगली और लावारिस जानवर खेत में न घुस पाएं।
रोहित को करंट की नहीं थी जानकारी
इसकी जानकारी रोहित को नहीं थी। रोहित उसके खेत के पास बनी मेड़ से गुजर रहा था। तभी तार की चपेट में आने से उसकी चीख निकल गई। चीख सुनकर उसका भाई भागते हुए आया। रोहित को तार से चिपका देख उसने शोर मचाया। इस पर खेतों में काम कर रहे सोनू कश्यप व अन्य लोगों ने सप्लाई को काटा। परिजन रोहित को गंभीर हालत में हसायन के एक निजी चिकित्सक के पास ले गए, जहां से उसे अलीगढ़ ले जाने की सलाह दी। अलीगढ़ के जिला अस्पताल में किशोर को मृत घोषित कर दिया गया। पोस्टमार्टम के बाद परिजन गांव शव लेकर पहुंचे। सोमवार को दर्जनों की संख्या में ग्रामीण कोतवाली हसायन पहुंच गए। ग्रामीणों ने खेत स्वामी पर मुकदमा दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है। देरशाम किशोर के शव का अंतिम संस्कार किया गया। उसकी मौत से परिवारीजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।