Coronavirus Lockdown 2: बुर्का पहने इस महिला से भयभीत हैं लोग, चकमा देने में है माहिर
एक महिला से अपार्टमेंट के लोग इतने भयभीत हैं कि बार-बार एक दूसरे से फोन पर चर्चा कर रहे हैं। लोगों को चकमा देने में माहिर इस बार यह महिला सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
अलीगढ़[जेएनएन]: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में बुर्का पहने एक महिला से अपार्टमेंट के लोग इतने भयभीत हैं कि बार-बार एक दूसरे से फोन पर चर्चा कर रहे हैं। खास बात यह है कि कोरोना वायरस को लेकर अपार्टमेंट में बनाए गए सुरक्षा चक्र को भी इस महिला ने तार-तार कर दिया। लोगों को चकमा देने में माहिर इस बार यह महिला सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। कैमरे में कैद बुर्का पहने अनजान महिला ने दिनदहाड़े मैरिस रोड स्थित पार्कव्यू रेजीडेंसी टू अपार्टमेंट का सुरक्षा चक्र तोड़ डाला। हालांकि अपार्टमेंट को फिर से सैनिटाइज किया जा चुका है। बावजूद आसपास के लोगों की नींद हराम हो गई है।
अपार्टमेंट के तीसरी मंजिल पर पहुंची महिला
महिला लिफ्ट से तीसरी मंजिल पर हेरिटेज इंटरनेशनल स्कूल के डायरेक्टर राकेश नंदन के फ्लैट पर मदद मांगने पहुंच गई। कोई कुछ समझ पाता, इससे वह भाग गई। महिला सीसीटीवी में कैद हुई है। पुलिस तलाश में जुटी है। अपार्टमेंट को सैनिटाइज किया गया है।
गार्ड के सामने ही भाग गई बुर्का पहने महिला
पार्क व्यू रेजीडेंसी-2 में शहर के प्रमुख लोग रहते हैं। शुक्रवार दोपहर 12 बजे के बाद सुरक्षा गार्ड के सामने बुर्का पहने महिला अपार्टमेंट में दाखिल हुई और लिफ्ट से तीसरी मंजिल पर पहुंच गई। यहां 312 नंबर फ्लैट हेरिटेज इंटरनेशनल स्कूल के डायरेक्टर राकेश नंदन का है। महिला ने फ्लैट नंबर 310 की घंटी बजाई। जिसमें रेलवे रोड स्थित बाटा शोरूम के मालिक रहते हैं। गेट नहीं खुला तो राकेश नंदन के फ्लैट की बेल बजा दी। उनके मैनेजर विष्णु ने अंदर वाले गेट खोलकर जाली में से ही देखा तो महिला बोली, 'मेरी मदद करिएÓ। विष्णु ने पूछा कि आप आईं कैसे? इतना सुनते ही महिला भाग गई। विष्णु ने इंटरकॉम से गार्ड को सूचना दी। महिला गार्ड के सामने से ही बाहर निकल गई। महिला कब दाखिल हुई, इस बारे में भी गार्ड को होश नहीं था। राकेश नंदन की ओर से दी क्वार्सी थाने को तहरीर दी गई है।
अज्ञात महिला के खिलाफ रिपोर्ट
सीओ सिविल लाइंस अनिल समानिया ने बताया कि अज्ञात महिला के खिलाफ धारा 188 व महामारी अधिनियम के तहत मुकदमा लिखा गया है। फुटेज के आधार पर पहचान की जा रही है। अपार्टमेंट को सैनिटाइज करा दिया गया है।