अलीगढ़ में रामघाट रोड पर जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य
इस मार्ग से मुख्यमंत्री के निकलने के बाद लोक निर्माण विभाग हो गया सक्रिय।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : रामघाट रोड पर पीएसी के पास जहां डेढ़ साल से गड्ढे हैं, वहां निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा। इसी मार्ग से सोमवार को पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की अंतिम यात्रा निकली थी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई मंत्री और सांसद इसी मार्ग से होकर निकले थे। लगातार वीवीआइपी मूवमेंट को देखते हुए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने जल्द सड़क निर्माण की योजना बनाई है। सड़क की टेंडर प्रक्रिया पूरी हो गई है।
रामघाट रोड पर पीएसी के पास डेढ़ साल से पानी भरा है। देवसैनी गांव की आबादी सड़क तक है। दो वर्षों में प्लाटों पर मकान बनने से घरों का खारिज पानी सड़क पर आ रहा था, जिससे तारकोल की सड़क पर गड्ढे हो गए थे। इस बार बारिश में सड़क तालाब बन गई थी। बड़े-बड़े गड्ढे होने से राहगीर प्रतिदिन गिरकर घायल हो रहे थे। इससे लेकर लोगों गुस्सा बढ़ रहा था, इसे देखते हुए पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड ने पत्थर डलवा दिए थे। पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के निधन के बाद प्रशासन और पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों के हाथ-पांव फूल गए थे। आनन-फानन चंद घंटों में सड़क का निर्माण कर दिया गया था। यह अस्थायी व्यवस्था थी। सोमवार को इसी मार्ग से कल्याण सिंह की अंतिम यात्रा निकली। सैकड़ों का सैलाब उमड़ पड़ा था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी इस मार्ग से निकले थे। इससे अधिकारी अब सक्रिय हो गए हैं। उनका प्रयास है कि जल्द से जल्द सड़क पर निर्माण कार्य शुरू हो। पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों का कहना है कि इस मार्ग का निर्माण सितंबर में शुरू कर दिया जाएगा। करीब पौने दो करोड़ में रुपये में यह सड़क बनेगी। 160 मीटर सड़क सीसी होगी। पीएसी की तरफ नाला बनवाया जाएगा। जिससे जलभराव न हो सके। पीडब्ल्यूडी के मुख्य अभियंता एमएच सिद्दीकी ने बताया कि टेंडर हो गया है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।