प्रियंका गांधी वाड्रा की रिहाई को लेकर कांग्रेसियों ने शुरू किया सत्याग्रह Aligarh news
लखीमपुर खीरी में 4 किसानों की मौत और प्रियंका गांधी वाड्रा की गिरफ्तारी के विरोध में बुधवार को कांग्रेसियों ने सत्याग्रह की राह पकड़ ली। प्रियंका की रिहाई के लिए कांग्रेसी गांधी पार्क में महात्मा गांधी की प्रतिमा के नीचे धरना देते मौन अनशन पर बैठ गए हैं।
अलीगढ़, जागरण संवाददाता । लखीमपुर खीरी में 4 किसानों की मौत और प्रियंका गांधी वाड्रा की गिरफ्तारी के विरोध में बुधवार को कांग्रेसियों ने सत्याग्रह की राह पकड़ ली। प्रियंका की रिहाई के लिए कांग्रेसी गांधी पार्क में महात्मा गांधी की प्रतिमा के नीचे धरना देते मौन अनशन पर बैठ गए हैं। रामधुन रामधन गाते हुए प्रियंका की गिरफ्तारी का विरोध भी जता रहे।
लखीमपुर खीरी में चार किसानों की मौत का मामला
लखीमपुर खीरी में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा के बेटे की गाड़ी से कुचल कर चार किसानों की मौत हो गई। जिन्हें देखने के लिए दो दिन पहले लखीमपुर जा रही कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। कांग्रेसी तब से ही आंदोलन कर रहे हैं । धरना-प्रदर्शन और जेल भरो आंदोलन के बाद तीसरे दिन कांग्रेसियों ने गांधी पार्क पहुंचकर शांतिपूर्ण तरीके से महात्मा गांधी की प्रतिमा के नीचे मौन अनशन शुरू कर दिया है। जिला अध्यक्ष ठाकुर संतोष सिंह जादौन ने कहा कि जिस तरह कांग्रेस ने अंग्रेजों से लड़ते हुए उन्हें भागने को मजबूर किया उसी तरह किसान और मजदूर विरोधी भाजपा सरकारों को भी सत्ता से बेदखल करने का काम करेगी। वरिष्ठ नेता विनोद पांडे और मनोज सक्सेना ने कहा कि मृतक परिवार से मिलने के लिए प्रियंका गांधी लखीमपुर जा रही थीं, जिन्हें गिरफ्तार कर लिया गया ।
प्रदेश और देश की जनता सब देख रही
क्या मृतक परिवार को शोक व्यक्त करने का अधिकार भी गैर भाजपा दलों के नेताओं को नहीं है। वरिष्ठ नेता कैलाश बाल्मीकि ने कहा प्रदेश और देश की जनता सब देख रही है। कांग्रेसियों के आंदोलन को देखते हुए गांधी पार्क में काफी संख्या में पुलिस बल तैनात है। सीओ तृतीय श्वेता पांडे ने पहुंचकर कांग्रेसियों से वार्ता की और उन्हें धरना खत्म करने के लिए समझाया। कांग्रेसियों ने कहा यह हमारा सत्याग्रह है कोई प्रदर्शन नहीं है । पुलिस प्रशासन को कोई समस्या नहीं होगी, यह सुनकर सीओ लौट गए। धरनास्थल पर बृजेश शर्मा पार्षद राजू पासवान शाहिद मलिक नितिन चौहान आदि मौजूद रहे।