Diwali 2021: अलीगढ़ में कमिश्नर व डीआइजी ने अनाथ व बेसहारा लोगों के साथ बांटी खुशियां
दूसरों के चेहरे पर मुस्कान लाने के उद्देश्य से कमिश्नर गौरव दयाल व डीआइजी रेंज दीपक कुमार व एसएसपी कलानिधि नैथानी सिविल लाइन क्षेत्र के जमालपुर स्थित मदर टेरेसा चेरिटेबल ट्रस्ट पहुंचे और अनाथ व बेसहारा लोगों के साथ खुशियां बांटीं।
अलीगढ़, जागरण संवाददाता। दीपावली पर दूसरों के चेहरे पर मुस्कान लाने के उद्देश्य से बुधवार को पुलिसकर्मियों ने जरूरतमंदों की मदद की। खुद कमिश्नर गौरव दयाल व डीआइजी रेंज दीपक कुमार व एसएसपी कलानिधि नैथानी सिविल लाइन क्षेत्र के जमालपुर स्थित मदर टेरेसा चेरिटेबल ट्रस्ट पहुंचे और अनाथ व बेसहारा लोगों के साथ खुशियां बांटीं।
ये रहे मौजूद
जमालपुर में अनाथ, बेघर व दिव्यांग लोगों के लिए ट्रस्ट बना हुआ है। यहां शाम करीब चार बजे कमिश्नर, डीआइजी, एसएसपी पहुंचे और लोगों से बातचीत कीं। करीब एक घंटा रुककर इन्हीं लोगों के बीच त्योहार मनाया। इस दौरान अधिकारियों ने मिष्ठान, मोमबत्ती, मिट्टी के दीए, फल-फूल आदि बांटीं। यहां एसपी सिटी कुलदीप सिंह गुनावत व सीओ तृतीय श्वेताभ पांडेय भी मौजूद थे। दूसरों के साथ दीपावली मनाने के संदेश के साथ देर शाम एसपी ट्रैफिक सतीश चंद्र, सीओ द्वितीय मोहसिन व सीओ प्रथम राघवेंद्र सिंह ने अपने क्षेत्रों में बच्चों को उपहार देकर त्योहार मनाया। इसके अलावा सभी जिलेभर के थाना क्षेत्रों में थानेदार क्षेत्रों में भ्रमण करते रहे और गरीब बच्चों के साथ समय बिताया।
पुलिस लाइंस में दीपावली महोत्सव
सारथी पुलिस परिवार वेलफेयर के नेतृत्व में रिजर्व पुलिस लाइंस में दीपावली महोत्सव का आयोजन किया गया। इसमें पुलिसकर्मियों के बच्चों व परिवार के लोगों ने भाग लिया। इस अवसर पर मिठाई, मोमबत्ती, मिट्टी के दीये, फल-फूल वितरित किए गए। इस दौरान सहायक पुलिस अधीक्षक मनीष शांडिल्य, मुख्य अग्निशमन अधिकारी विवेक शर्मा, प्रतिसार निरीक्षक हरेंद्र पाल सिंह मौजूद रहे।
भारतीय संस्कृति से जुड़ने का जरिया है रंगोली
अलीगढ़ :संस्कार भारती के जिला संयोजक भुवनेश वार्ष्णेय आधुनिक ने कहा है कि दीपावली पर घर- घर सज रही रंगोली भारतीय संस्कृति से जुड़ने का सबसे उत्तम जरिया है। दीपावली पर इस साल रंगोली का जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है। उन्होंने बताया कि संस्कार भारती हर खुशी के मौके पर रंगोली सजाने के लिए लाेगों को हमेशा प्रेरित करती रही है। रंगोली सजाना हमारी संस्कृति की पुरानी परंपरा रही है। इसे जीवंत रखने में मीडिया का भी खासा योगदान है।