अलीगढ़ के कमिश्नर अजयदीप सिंह बोले, प्रगतिशील किसान ज्ञान अर्जित करके दूसरों के लिए बनें प्रेरणास्रोत
फसल अवशेष प्रबंधन परियोजना के तहत वृहद कॉलेज जागरुकता कार्यक्रम हुआ, जिसमें सभी ब्लॉकों से आए किसान व उनके परिवार के युवाओं को जागरुक किया गया
अलीगढ़ (जेएनएन)। फसल अवशेष प्रबंधन परियोजना के तहत वृहद कॉलेज जागरुकता कार्यक्रम हुआ, जिसमें सभी ब्लॉकों से आए किसान व उनके परिवार के युवाओं को जागरुक किया गया। किसानों को फसल अवशेष न जलाने की शपथ दिलाई गई। विवेकानंद कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट टेक्नोलॉजी में कार्यक्रम का उद्घाटन कर कमिश्नर अजयदीप सिंह ने कहा कि जिले के प्रगतिशील किसानों को सूचीबद्ध कर ज्ञानवद्र्धन किया जाए ताकि किसान प्रेरित होकर फायदा उठा सकें।
कमिश्नर ने किया सम्मानित
एनएफएसएम के अंतर्गत सरसों की प्रजाति आरएच 749 का वितरण किया। कमिश्नर ने कोमलिका एफपीओ के अध्यक्ष आरपी पचौरी को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। नगर आयुक्त सत्यप्रकाश पटेल ने भी फसल अवशेष प्रबंधन की उपयोगिता बताई। कृषि विज्ञान केंद्र हाथरस, कासगंज, फिरोजाबाद के किसानों को जानकारी दी। संचालन प्रभारी डॉ. एके सिंह ने किया। संयुक्त कृषि निदेशक जेएस राठौर ने बताया कि फसल अवशेष प्रबंधन संबंधित 80 फीसद बजट कृषि विभाग के पास है। इसका फायदा किसानों को दिया जाता है। समय-समय पर किसानों को जागरूक किया जाता है ताकि वह फसलों में इसका उपयोग कर सकें।
आमदनी बढ़ाने का बताया जरिया
पशुपालन विभाग के अपर निदेशक सक्सेना ने किसानों की आमदनी बढ़ाने की जानकारी दी। इस दौरान किसानों को सब्जी व फल की खेत के बारे में बताया गया। मौसम के हिसाब से सब्जी की खेती करनी चाहिए। सब्जी की खेती आमदनी बढ़ाने का बेहतर रास्ता है। डॉ. सुधीर कुमार ने सीआरएम परियोजना के संचालन की जानकारी दी। साथ ही विस्तार से जानकारी दी। कॉलेज के चेयरमैन अनिल सारस्वत ने किसान राजवीर सिंह को सम्मानित किया। इस दौरान अनेक किसान व गणमान्य लोग मौजूद रहे।