दीपावली से वाणिज्य कर विभाग की भी होगी चांदी Hathras news
लॉकडाउन में फुटकर से लेकर थोक व्यापार प्रभावित होने से वाणिज्य कर विभाग का राजस्व भी प्रभावित हुआ। दीपावली पर बिक्री से गद्गद विभाग को महीने के अंत में अच्छी उम्मीद है। विभाग को डेढ़ से दो करोड़ रुपये अधिक का राजस्व मिलने का अनुमान लगाया जा रहा है।
हाथरस, जेएनएन : लॉकडाउन में फुटकर से लेकर थोक व्यापार प्रभावित होने से वाणिज्य कर विभाग का राजस्व भी प्रभावित हुआ। दीपावली पर होने वाली बिक्री से गदगद विभाग को महीने के अंत में अच्छी उम्मीद है। विभाग को डेढ़ से दो करोड़ रुपये अधिक का राजस्व मिलने का अनुमान लगाया जा रहा है।
हर दूसरे महीने के 20 तारीख को होता है जमा
वाणिज्य कर विभाग में हर महीने औसतन 10-11 करोड़ रुपये का राजस्व जमा होता है। यह राजस्व दूसरे महीने की 20 तारीख तक जमा होता है। इस बार वित्तीय वर्ष के आखीर में लॉकडाउन की घोषणा हो गई थी। इसके बाद सभी त्योहारी और शादी के सीजन भी कारोबार फ्लॉप रहे। लॉकडाउन के दौरान राजस्व तीन करोड़ तक रह गया था। अक्टूबर में नवरात्रि से हालात सुधरने लगे। इसके बाद दशहरा, दीपावली के साथ शादी का सीजन भी शुरू हुआ। नवंबर में दीपावली के बाद दिसंबर में व्यापारी जब कर जमा करेंगे तो विभाग अच्छे राजस्व का अनुमान लगा रहा है। विभाग को डेढ़ से दो करोड़ राजस्व अधिक मिलने की उम्मीद है। वाणिज्य कर विभाग के डिप्टी कमिश्नर एससी दीक्षित ने बताया कि बाजार में जिस तरह त्योहार को लेकर खरीदारी चल रही है, उससे अच्छे कारोबार की उम्मीद है। इससे विभाग की आय भी बढ़ेगी। दिसंबर के महीने में अच्छे राजस्व की प्राप्त होगी।