CAA Protest : महिला बोलीं, 'धरने में भेजते थे पति, कहते थे खाना मिलेगा'-अलीगढ़ में धरने का सच
CAA Protest Dharna Exposed महिला ने पुलिस को बताया कि पति ही उसे खाने-पीने का लालच देकर धरने में भेजते थे।
अलीगढ़, जेएनएन। नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में अलीगढ़ में पुरानी चुंगी गेट के बाहर चल रहे धरने को हटवाने के बाद पुलिस ने सोमवार को उन इलाकों का दौरा किया, जहां से महिलाएं धरने में आ रही थीं। इस दौरान उनको बड़ी सफलता भी मिली।
फिरदौस नगर में 65 वर्षीय सरबरी नाम की महिला ने धरने की पोल खोल दी। महिला ने पुलिस को बताया कि पति ही उसे खाने-पीने का लालच देकर धरने में भेजते थे। कहते थे, शाहजमाल में धरना चल रहा है, वहां जाओ। पति रोज जान खाते थे, इसलिए धरने पर जाती थीं। महिला व पुलिस की बातचीत का वीडियो भी वायरल हुआ है।
23 दिसंबर को ऊपरकोट पर हुए बवाल के बाद से एएमयू के पास पुरानी चुंगी गेट पर छात्र व आसपास क्षेत्र की महिलाएं धरने पर बैठ गई थीं। शनिवार को जीवनगढ़ का धरना समाप्त करवाने के बाद पुलिस ने पुरानी चुंगी गेट पर भी महिलाओं को समझाया, लेकिन नहीं हटीं। यहां धरने में एक बुजुर्ग महिला रोजाना शामिल हो रही थी। पुलिस ने उसे चिह्नित किया। सोमवार सुबह पहले पुलिस ने पुरानी चुंगी गेट से धरना समाप्त करवाया, फिर दोपहर एक बजे एसीएम द्वितीय रंजीत सिंह और सीओ तृतीय अनिल समानिया फिरदौस नगर स्थित बुजुर्ग महिला के घर पहुंचे। सीओ ने महिला के पति से पूछा कि आपकी पत्नी रोजाना धरने में शामिल हो जाती हैं। बुजुर्ग ने कहा कि साहब इतना समझाया, पर क्या करें। इसी बीच अंदर से भागती हुई बुजुर्ग महिला आ गई और पति की बात को काटते हुए बोली, 'तुमने कहा था कि धरने में जाओ।'
सीओ से महिला ने कहा कि वो झूठ नहीं बोल रही हैं। इन्होंने (पति ने) ही कहा था कि शाहजमाल में धरना लग रहा है, चली जाओ। रोज जान खाते हैं। इस पर सीओ ने कहा कि, अब मत जाना अम्मा हाथ जोड़ रहे हैं। इसके बाद सीओ ने पति को नोटिस देने की बात कही। महिला से कहा कि चलो अच्छा तुम बहुत बढिय़ा हो। सीओ ने बुजुर्ग महिला की बेटी को भी चेतावनी दी कि आप लोग वहां जाकर महिलाओं को भड़का रही हो। आप और आपकी अम्मी दोबारा धरने में न आएं।
पति को जारी किया नोटिस
सीओ तृतीय अनिल समानिया ने कहा कि पुरानी चुंगी पर रोजाना धरने में शामिल हो रही बुजुर्ग महिला सरबरी को चिह्नित किया था। महिला के घर पहुंचे तो उसने पति शब्बीर के दबाव में धरने में जाने की बात कही। पति को नोटिस जारी किया गया है। 15 लोगों के घरों पर नोटिस चस्पा नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ सात दिन से पुरानी चुंगी गेट पर चल रहा धरना सोमवार सुबह पुलिस ने हटवा दिया।
प्रदर्शनकारी दोबारा न जमें, इसके लिए पुलिस ने यहां डेरा जमा लिया है। यहां धरने देने वाले 15 लोगों के घरों पर नोटिस चस्पा किए गए हैं। ऊपरकोट में 23 दिसंबर को हुए बवाल के बाद उसी रात को पुरानी चुंगी गेट पर छात्र व जमालपुर क्षेत्र के लोग धरने पर बैठ गए थे। सोमवार सुबह करीब छह बजे पुलिस ने यहां से महिलाओं को समझाकर हटाया और डेरा जमा लिया।