अलीगढ़, जागरण संवाददाता । Hello Doctor : बदलती जीवनशैली व खानपान में प्राकृतिक पोषक तत्वों की कमी से शरीर में कैल्शियम और विटामिन डी जैसे जरूरी तत्वों की पूर्ति नहीं हो पा रही है। इससे हड्डी रोगों की समस्या युवा वर्ग में भी बढ़ रही है। सर्दी के मौसम में ठंड बढ़ने पर यह बीमारी और बढ़ जाती है। ऐसे में विशेष सावधानी के साथ समय पर इलाज की जरूरत है। यह परामर्श दैनिक जागरण की ओर से आयोजित हेलो डाक्टर कार्यक्रम में मलखान सिंह जिला चिकित्सालय के वरिष्ठ आर्थोपेडिक सर्जन डा. एसके वार्ष्णेय ने फोन पर दिया। बातचीत के दौरान रोगियों द्वारा पूछे गए कुछ चुनिंदा सवालों के जवाब इस प्रकार हैं।
मेरी उम्र 76 वर्ष है। चलने में दर्द होता है और घुटने में अधिक परेशानी होती है। क्या करना चाहिए?
- नरेंद्र सिंह तोमर, पड़की, जवां
घुटनों का एक्सरे कराना पड़ेगा। एक्सरे देखने के बाद अंदर की कमी का पता चलेगा। उसके आधार पर ही इलाज किया जाएगा।
मेरी पत्नी की उम्र 39 वर्ष है। उन्हें घुटनों में दर्द की समस्या है। इससे काफी परेशानी होती है। ऐसे में क्या करें?
-नीरज सिंह, कुलदीप विहार
सीरम यूरिक एसिड की जांच करानी होगी। जांच रिपोर्ट के आधार आगे का इलाज किया जाएगा।
मेरी उम्र 45 वर्ष है। कमर के निचले हिस्से में दर्द रहता है। एक बार बाइक से गिर गए थे। तब से समस्या बढ़ी है। क्या करना चाहिए?
- मंजू, सारसौल
झुकने और वजन उठाने का काम न करें। रबड़ की बोतल में पानी भरकर सिकाई करें। कैल्शियम की पूर्ति के लिए दूध, दही व पनीर का इस्तेमाल करें। विटामिन डी की पूर्ति के लिए धूप में अधिक देर तक बैठें। सोने के लिए तख्त का इस्तेमाल करें।
मेरा बेटा 20 साल का है। उसकी रीढ़ की हड्डी में टीबी है। काफी इलाज कराया है। कोई फायदा नहीं है।
- रजनी यादव, महेंद्र नगर
बेटे की सभी जांच रिपोर्ट लेकर एक बार अस्पताल आकर परामर्श कर लीजिए। इसके लिए टीबी के भी लगातार इलाज की जरूरत है।
मेरा एक्सीडेंट हो गया था। पैर में राड और प्लेट पड़ी हुई हैं। उठने और बैठने में दिक्कत होती है। सर्दी में यह समस्या बढ़ जाती है। एेसे में क्या करना चाहिए?
- राम सारस्वत, प्रतिभा कालोनी, बन्ना देवी
रोड के पेच ढीले होने के कारण यह दिक्कतें बढ़ जाती हैं। इसके लिए परामर्श से नियमित व्यायाम करिए। डाक्टर को भी दिखा सकते हैं।
मेरी उम्र 42 वर्ष है। हड्डियों में दर्द रहता है। उठने-बैठने और चलने में परेशानी होती है।
- मोहित, गांधी पार्क
कैल्शियम और विटामिन टी की कमी की वजह से यह समस्या आती है। विटामिन डी के लिए सुबह की धूप लें। गर्म पानी में नमक डालकर दर्द वाले स्थान की सिकाई करें। कैल्शियम की पूर्ति के लिए दूध, दही, पनीर और एक अंडा रोज इस्तेमाल करें।
मेरी उम्र 68 वर्ष है। कंधा उठाने में दिक्कत आती है। स्वेटर नहीं पहना जाता है। क्या करना चाहिए?
- छत्रपाल सिंह, दरगवां, पिसावा।
कंधा जाम होने की वजह से यह समस्या आती है। इसके लिए कंधों को क्लाक वाइज(सीधा) और एंटी क्लाक वाइज(उल्टा) घुमाइए। गर्म पानी में नमक डालकर सिकाई करें।
इन्होंने भी लिया परामर्श
वीना चौहान, त्रिमूर्ति नगर, सुरक्षा विहार, खेम सिंह, वीरपुरा, गभाना, गोपाल सिंह, कनवरीगंज, मुकेश, बख्शा इगलास,राम खिलाड़ी वर्मा, प्रेमनगर, खैर बाईपास, धनेश्वरी, गुप्ता, प्रतिभा कालोनी, बन्ना देवी।