अलीगढ़ में अवैध बांग्लादेशियों को मिलेगा कांसुलर एक्सेस, पड़ोसी देश के अधिकारी करेंगे मुलाकात
अलीगढ़ जेल में अवैध रूप से रह रहे नौ बांग्लादेशी नागरिकों से मिलने उनके देश के अधिकारी आएंगे। विदेश मंत्रालय ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
नौ अवैध बांग्लादेशी नागरिक अलीगढ़ जेल में निरुद्ध हैं।
बांग्लादेशी अधिकारी कांसुलर एक्सेस के लिए अलीगढ़ का दौरा करेंगे।
यह मुलाकात नागरिकों की नागरिकता सत्यापन के लिए होगी।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। अवैध रूप से रहने के आरोप में गिरफ्तार नौ बांग्लादेशी नागरिकों से मिलने के लिए वहां के अधिकारी अलीगढ़ आएंगे। गिरफ्तार आरोपित जेल में निरुद्ध हैं।
भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के निर्देश पर बांग्लादेशी अधिकारियों को इन नागरिकों से कांसुलर एक्सेस उपलब्ध कराया जाना है। शासन ने प्रशासन व पुलिस से आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था करने को कहा है। उत्तर प्रदेश शासन के उप सचिव ओम प्रकाश चौहान ने 17 अगस्त को एसएसपी को पत्र भेजा है।
पत्र में जेल में निरुद्ध बांग्लादेशी नागरिकों के कांसुलर एक्सेस के संबंध में विदेश मंत्रालय के तीन अगस्त के पत्र का हवाला दिया गया है। कहा गया है कि बांग्लादेश के अधिकारियों के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिला आगमन पर नियमानुसार सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए। नौ सितंबर तक इनके आने की संभावना है।
अलीगढ़ में अवैध प्रवास के कारण गिरफ्तार मोबीन, खालिद, अब्दुल हक, अमीनुल हक, रोजिना, मोहम्मद तौफीक, मोहम्मद साबिर, मकसूद खान और शाहीन जेल में निरुद्ध हैं। इनकी नागरिकता के सत्यापन के लिए बांग्लादेश के अधिकारियों को कांसुलर एक्सेस दिए जाने की प्रक्रिया की जा रही है। पत्र में बांग्लादेश के अधिकारी मिसवाह उद्दीन चौधरी, मिनिस्टर (काउंसलर), एनएसएमओ ताज-उल-इस्लाम, प्रथम सचिव (राजनीतिक) व रवि शर्मा, काउंसलर असिस्टेंट के अलीगढ़ आएंगे।
यह होता है कांसुलर एक्सेस
कांसुलर एक्सेस के तहत किसी देश के संबंधित अधिकारी को उसके नागरिक के संपर्क में आने व उससे संबंधित आवश्यक जानकारी प्राप्त करने का अवसर दिया जाता है। जिले में निरुद्ध इन नौ लोगों की नागरिकता के सत्यापन के सिलसिले में बांग्लादेशी अधिकारियों के दौरे को इसी प्रक्रिया का हिस्सा बताया गया है।
