अलीगढ़ जेल में बंद नौ बांग्लादेशियों से मिलेगा प्रतिनिधिमंडल, नागरिकता सत्यापन पर होगी बात
बांग्लादेश का एक प्रतिनिधिमंडल अलीगढ़ जिला कारागार में अवैध रूप से रह रहे नौ बांग्लादेशी नागरिकों से मिलने आ रहा ...और पढ़ें
-1788187086787_m.webp)
अलीगढ़ जिला जेल।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। जिले में अवैध रूप से रहने के आरोप में गिरफ्तार होकर जिला कारागार में निरुद्ध नौ बांग्लादेशी नागरिकों से मिलने के लिए बांग्लादेश का प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को जिले में आ रहा है। भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के निर्देश पर प्रतिनिधिमंडल को इन नागरिकों से कांसुलर एक्सेस उपलब्ध कराया जाएगा।
इसके मद्देनजर पुलिस-प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां की गई हैं। शासन के उप सचिव ओम प्रकाश चौहान ने 17 अगस्त को एसएसपी को पत्र भेजकर बांग्लादेशी अधिकारियों के आगमन पर नियमानुसार सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे। पत्र में विदेश मंत्रालय के तीन अगस्त के पत्र का हवाला दिया गया था।
प्रतिनिधिमंडल के नौ सितंबर तक जिले आने का कार्यक्रम प्रस्तावित किया गया था। अब निर्धारित कार्यक्रम के तहत मंगलवार को जिले में पहुंचने की जानकारी है। जिला कारागार में निरुद्ध मोबीन, खालिद, अब्दुल हक, अमीनुल हक, रोजिना, मो. तौफीक, मो. साबिर, मकसूद खान व शाहीन से बांग्लादेशी अधिकारी मुलाकात करेंगे।
इनकी नागरिकता के सत्यापन की प्रक्रिया के तहत कांसुलर एक्सेस दिया जा रहा है। शासन के पत्र में बांग्लादेश के मिसवाह उद्दीन चौधरी, मिनिस्टर (काउंसलर), एनएसएमओ ताज-उल-इस्लाम, प्रथम सचिव (राजनीतिक) और रवि शर्मा, काउंसलर असिस्टेंट के अलीगढ़ आगमन का उल्लेख है।
यह होता है कांसुलर एक्सेस
कांसुलर एक्सेस के तहत किसी देश के संबंधित अधिकारी को उसके नागरिक से संपर्क करने और उससे जुड़ी आवश्यक जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिलता है।
अलीगढ़ में यह प्रक्रिया जिला कारागार में निरुद्ध नौ बांग्लादेशी नागरिकों की नागरिकता के सत्यापन के सिलसिले में अपनाई जा रही है। प्रतिनिधिमंडल के आगमन को देखते हुए पुलिस और प्रशासन को आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
