Aligarh Ravan Dahan : अलीगढ़ में दोपहर बाद आगरा रोड पर वाहन ले जाने से बचें, निकलने से पहले देखें रूट डायवर्जन
Vijayadashami 2022 विजय दशमी के अवसर पर आज जगह जगह रावण का पुतला दहन किया जाएगा। इसके चलते शहर के रूट डायवर्ट किए गए हैं। अगर आपको इन रास्तों से होकर जाना है तो पहले रूट चार्ट देख लें ताकि बाद में परेशानी का सामना न करना पड़े।
हाथरस, जागरण संवाददाता। Vijayadashami 2022 : बुधवार को लग रहे दशहरा मेले की तैयारियों को मंगलवार को अंतिम रूप दिया गया। आगरा रोड स्थित पालीटेक्निक मैदान पर रावण का पुतला दहन होगा। इसके आसपास मेला लगेगा। इसको लेकर पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात परिवर्तन का खाका खींच लिया है। बुधवार दोपहर के बाद आगरा रोड पर वाहनों की एंट्री बंद हो जाएगी। रूट डायवर्ट कर वाहनों को निकाला जाएगा।
एमजी पालीटेक्निक मैदान में होगा पुतला दहन
बुधवार को विजयादशमी पर्व है। इस दिन परंपरागत रूप से आगरा रोड स्थित एमजी पालीटेक्निक मैदान में रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। रावण दहन के दौरान यहां हजारों लोगों का हुजूम रहेगा। हर वर्ष भारी मात्रा में फोर्स तैनात किया जाता है। यही नहीं आगरा रोड का यातायात का रूट बदल दिया जाएगा। दोपहर दो बजे से रूट डायवर्ट कर दिया जाएगा। देर रात इस मार्ग को खोला जाएगा।
इसे भी पढ़ें : Aligarh News: धमकियों को नजर अंदाज कर Ruby Asif ने जिमाए कन्या-लांगुरा, ऐसे किया कन्या पूजन, देखते रह गए सब
यहां प्रवेश रहेगा प्रतिबंधित
आगरा रोड पर शहीद पार्क और नगला भुस पर बेरिकेडिंग लगाई जाएगी। एमजी पालीटेक्निक ग्राउंड की तरफ वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बाधित रहेगा। वाहनों और रोडवेज बसों को मधुगढ़ी होते हुए हतीसा पुल की तरफ भेजा जाएगा। वहीं आगरा की तरफ से आने वाले वाहन भी हतीसा पुल की तरफ से शहर में एंट्री कर सकेंगे। रावण दहन को लेकर आने वाली संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से चप्पे-चप्पे पर पुलिस फोर्स की तैनाती की जा रही है। प्रशासन के अफसरों की भी शांति व्यवस्था की दृष्टि से ड्यूटी लगाई गई है।
मेला स्थल पर कराई साफ-सफाई
नगर पालिका परिषद हाथरस के अध्यक्ष आशीष शर्मा ने स्थानीय मुरलीधर गजानंद पालीटेक्निक मैदान का निरीक्षण किया। यहां तेजी से चल रही साफ-सफाई के साथ झाड़ियां आदि कटवाकर विशेष सफाई अभियान चलाकर मैदान को समतल कराया। इस मैदान पर रावण दहन का कार्यक्रम वर्षों से होता आ रहा है। इसमें इस शहर के अलावा आसपास के गांवों से भी हजारों लोग शिरकत करते हैं। नगर पालिका चेयरमैन ने दशहरा मेला मैदान पर तैयारियों का जायजा लिया। चारों तरफ चूना डलवाया।