मजदूर के मकान पर हमला, एंबुलेंस को घेरा
गुंडागर्दी - हमले में घायल महिला को ले जा रही थी एंबुलेंस - अतरौली के गांव जामना में दबंग
अलीगढ़ : अतरौली के गांव जामना में सोमवार की सुबह दबंगों ने एक मजदूर के मकान पर हमला कर दिया। महिला, बच्चों को पीटा गया। महिला ने दुष्कर्म की कोशिश का भी आरोप लगाया है। घायल महिला को अस्पताल ला रही एंबुलेंस को रास्ते में घेर लिया गया। किसी तरह एंबुलेंस महिला को लेकर दीनदयाल अस्पताल पहुंची। पुलिस मकान का विवाद बता रही है।
गांव जामना में रहने वाला एक व्यक्ति गाजियाबाद में मजदूरी करता है। परिजनों के मुताबिक पड़ोसी की उसकी पत्नी पर बुरी नजर है। छह सितंबर को आरोपी ने महिला से अभद्रता कर दी। विरोध करने पर मकान खाली कर गांव छोड़ने की धमकी दे दी। आरोप है कि सोमवार को सुबह महिला से दुष्कर्म की कोशिश, मारपीट की गई। महिला के बेहोश होने पर आरोपी भाग निकले। परिजनों ने पीएलवी उमा शर्मा से संपर्क किया। पीएलवी की सूचना पर 108 एंबुलेंस पहुंच गई। रास्ते में आरोपियों को खड़ा देख ड्राइवर दूसरे मार्ग से एंबुलेंस लेकर अस्पताल पहुंचा।
.........
महिला पर हमले, दुष्कर्म की कोशिश का कोई मामला नहीं है। विवाद एक मकान को लेकर है। दोनों पक्षों को थाने पर बुलाया गया था। एक पक्ष थाने पहुंच गया, मगर महिला नहीं पहुंची। मामले की जांच चल रही है।
उत्तम चंद्र पटेल, थाना प्रभारी अतरौली