मुख्यमंत्री के आदेश पर अलीगढ़ में अफसरों ने झोंकी ताकत, फिर भी पशु बेघर
सत्ता संभालते ही सीएम योगी आदित्यनाथ ने गोवंश के कटान पर रोक लगाई तो बेसहारा गोवंश की सड़कों-खेतों पर बाढ़ सी आ गई।
सुरजीत पुंढीर, अलीग़ढ़। सत्ता संभालते ही सीएम योगी आदित्यनाथ ने गोवंश के कटान पर रोक लगाई तो बेसहारा गोवंश की सड़कों-खेतों पर बाढ़ सी आ गई। सरकार इनके खाने-पीने का इंतजाम भूल गई। फसल बर्बादी देखकर किसानों ने स्कूलों में पशुओं को भरना शुरू कर दिया तो सरकार दहल गई। आनन-फानन सीएम ने सभी जिलों के डीएम को आदेश दिया कि 10 जनवरी तक सभी छुट्टा पशुओं को गोशाला में पहुंचाएं। पर, यह कागजी आदेश साबित हुआ। जिला प्रशासन ने सीएम के आदेश के बाद गोशाला बनाने के लिए पूरी ताकत झोंक रखी है। आधा दर्जन विभागों के अफसरों को सिर्फ इसी एक काम पर लगा दिया गया है। पर, हकीकत में अब भी जिले में 10 हजार से ज्यादा बेसहारा पशु खुले में घूम रहे हैैं। फसलें बर्बाद कर रहे हैैं।
40 गोशाला का निर्माण शुरू
प्रशासन ने मनरेगा, राजस्व, पंचायतीराज, पशु चिकित्सा व विकास विभाग के सभी अफसरों को गोशाला बनवाने में लगा दिया है। 40 का निर्माण चालू है। अगले हफ्ते तक कुछ शुरू भी हो जाएंगी। अफसरों के मुताबिक यहां 20 हजार से ज्यादा पशु रखे जा सकेंगे। डीएम चंद्रभूषण सिंह का कहना है कि गोशालाओं के निर्माण का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है। कई टीमें लगी हुई हैं। 40 गोशाला निर्माणाधीन हैं। कुछ शुरू हो गई हैं। जल्द ही सभी पशुओं को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा देंगे।
गोसेवा का कोई मजहब या सीमा नहीं
नगर निगम की बरौला जाफराबाद स्थित गोशाला का गुरुवार को शुभारंभ करते हुए मंडलायुक्त अजयदीप सिंह ने कहा कि गोशाला का कोई मजहब नहीं होता। न ही इसकी कोई सीमा है। गोशाला के निर्माण को निगम का ऐतिहासिक कदम बताते हुए कमिश्नर ने इसे आदर्श गोशाला बनाने का आह्वïान किया। गोशाला का संचालन नगर निगम व उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष ज्ञान चंद्र वाष्र्णेय मिलकर करेंगे। गोशाला की देखरेख, चारा व पशु चिकित्सकों की व्यवस्था व्यापार मंडल कराएगा। बिजली बिल का भुगतान नगर निगम करेगा। मंडलायुक्त ने अतिक्रमण हटाओ अभियान की भी सराहना की। मेयर मो. फुरकान ने कहा कि कमिश्नर के निर्देश पर अच्छे काम हो रहे हैं। गोशाला शानदार पहल है। यह पूरे प्रदेश में नजीर बनेगी। इसमें मुस्लिम पार्षद भी शामिल हैैं। यह सांप्रदायिक सौहार्द्र का प्रतीक है। कोल विधायक अनिल पाराशर ने कहा कि सभी वर्गों को गोसवा में मदद करनी चाहिए। नगर आयुक्त सत्यप्रकाश पटेल ने बताया कि गोशाला में बड़ी संख्या में पशु रखे जा सकेंगे। इस मौके पर अपर आयुक्त शमीम अहमद खान आदि मौजूद रहे।