अलीगढ़ में मां-बेटा की हत्या से कारोबारियों में आक्रोश, शोक में आज बाजार रहेगा बंद
अलीगढ़ में गुरुवार की रात दिल दहला देने वाली वारदात को अंजाम दिया गया। सराफा कारोबारी की पत्नी व बेटा की हत्या कर लूट की गयी है। इस घटना से व्यापारियों में भारी आक्रोश है। इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है।
अलीगढ़, जागरण संवाददाता। सराफा कारोबारी की पत्नी व बेटा की हत्या व लूट से ज्वेलर्स में रोष हैं। अलीगढ़ सराफा कमेटी ने शुक्रवार को शोक में दोपहर तक बाजार बंद रखने का एलान किया है। अलीगढ़ सराफा कमेटी के अध्यक्ष विजय अग्रवाल ने कहा कि एक ओर योगी सरकार अपराधियों पर शिकंजा कस रही है, वहीं दूसरी ओर घनी आबादी में हत्याएं हो रही हैँ। इस घटना से व्यापारियों में भारी रोष है। सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। शहर में पुलिस पिकेट बढाई जाएं।
पीड़ित परिवार की सुरक्षा की मांग
इंडियन बुलियन एंड ज्वैलरी एसोसिएशन के क्षेत्रीय अध्यक्ष अमित सराफ ने इस घटना पर रोष जताया है। उन्होंने कहा कि बदमाशों ने जिस तरह बर्बरता पूर्वक मां- बेटा की हत्या की है, उससे लगता है कि बदमाश शहर में सिर्फ लूट ही नहीं खौफ पैदा करना चाहते हैं। पीडि़त परिवार को सुरक्षा दी जाए। अखिल भारतीय माहौर स्वर्णकार महासभा के राष्ट्रीय महामंत्री रवि वर्मा स्वर्णकार ने प्रशासन से मांग की है कि हत्यारों को शीघ्र गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए। प्रशासन से 36 घंटे में घटना का खुलासा करने की मांग की है।
आज आपूर्ति बाधित रहेगी
अलीगढ़ । शहरी विद्युत वितरण खंड प्रथम सासनी गेट के 33 केवी विद्युत सब स्टेशन हाथरस अड्डा व मथुरा रोड पर विद्युत आपूर्ति सुधारने के लिए कार्य होना है। इसलिए शुक्रवार को इन सब स्टेशनों से जुड़े इलाकों में सुबह आठ बजे से 12 बजे तक बिजली बाधित रहेगी। वहीं सासनी गेट पर कार्य होने से सुबह आठ बजे से 10 बजे तक आपूर्ति बाधित रहेगी।
अलीगढ़ में सराफा काराेबारी की पत्नी व आठ साल के बेटे की हत्या
उत्तर प्रदेश के जनपद अलीगढ़ में क्वार्सी थाना क्षेत्र के सुरेंद्र नगर में गुरुवार शाम सर्राफा कारोबारी ललित वर्मा की पत्नी और आठ साल के बेटा की अज्ञात लोगों ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी। सिर पर ईंट से हमला भी किया गया। महिला के हाथ तार से बांधे हुए थे। घर का सामान अस्त व्यस्त मिला है। लाखों की लूट की बात कही जा रही है। पुलिस को मौके से चार चाकू व ईंट का टुकड़ा मिला है। सीसीटीवी में दो लोग कैद हुए हैं। घनी आबादी में हुए दोहरे हत्याकांड ने खलबली मचा दी है। ललित ने अपनी साली अंजली और उसके होने वाले पति सोमेश चौहान के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। इनमें कुछ दिनों से विवाद बताया जा रहा है।