विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

AMU में कक्षाओं को छोड़ बाहर निकले छात्र, स्टूडेंट यूनियन चुनाव की मांग पर अड़े

By Digital Desk Edited By: Prateek Gupta
Published: Thu, 01 Oct 2026 02:10 PM (IST)

अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी में छात्र संघ चुनाव की मांग को लेकर 11वें दिन भी आंदोलन जारी रहा। छात्रों ने कक्षाओं ...और पढ़ें

HighLights

  1. एएमयू में छात्र संघ चुनाव की मांग पर 11वें दिन आंदोलन।

  2. प्रदर्शनकारी छात्रों ने कई विभागों में कक्षाएं बंद कराईं।

जागरण संवाददाता, अलीगढ़। छात्र संघ चुनाव की मांग को लेकर अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी AMU में चल रहा आंदोलन गुरुवार को 11वें दिन भी जारी रहा। डक पौंड पर छात्रों की संख्या लगातार बढ़ती रही। प्रदर्शनकारी छात्रों ने चुनाव की तारीख घोषित करने और मुख्य चुनाव आयुक्त नियुक्त कर चुनाव प्रक्रिया शुरू कराने की मांग को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।

आंदोलनकारियों ने गुरुवार को कई विभागों में पहुंचकर कक्षाएं बंद कराने का प्रयास किया। इससे कुछ स्थानों पर शैक्षणिक गतिविधियां प्रभावित हुईं। बुधवार को भी छात्रों ने आर्ट फैकल्टी, राजनीतिक विज्ञान, वाणिज्य, सांख्यिकी और मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग में पहुंचकर विद्यार्थियों से धरने में शामिल होने की अपील की थी।

शाम को एसएस नार्थ से डक प्वाइंट तक मशाल जुलूस भी निकाला गया था। छात्रों ने मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही। धरना स्थल पर छात्रों की बढ़ती संख्या विश्वविद्यालय प्रशासन के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। फिलहाल प्रशासन और आंदोलनकारी छात्रों के बीच गतिरोध कायम है और समाधान का रास्ता स्पष्ट नहीं हुआ है।

यासिर की सेहत को लेकर चिंता

भूख हड़ताल पर बैठे निलंबित छात्र यासिर फहद की सेहत को लेकर भी चिंता बनी हुई है। चिकित्सकीय रिपोर्ट में छह दिन की भूख हड़ताल के दौरान उसका वजन करीब पांच किलो कम होने और शरीर में इलेक्ट्रोलाइट असंतुलन के संकेत मिलने की बात कही गई थी। चिकित्सक ने विशेषज्ञ से तत्काल स्वास्थ्य परीक्षण कराने की सलाह दी थी।

यासिर 21 सितंबर की शाम से भूख हड़ताल पर है। छात्र चुनाव की तारीख घोषित करने के साथ यासिर के निलंबन पर पुनर्विचार की भी मांग कर रहे हैं।