AMU में माहौल गरमाया, युवक की गिरफ्तारी के विरोध में सभी गेट किए बंद; छात्र अड़े
एएमयू में छात्रसंघ बहाली की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन के दौरान एक युवक की गिरफ्तारी के बाद कैंपस ...और पढ़ें

एएमयू के गेट बंद कर छात्रों को रोकती पुलिस।
HighLights
एएमयू में छात्रसंघ आंदोलन के बीच युवक आरिफ गिरफ्तार।
छात्रों ने गिरफ्तारी के विरोध में विश्वविद्यालय के गेट बंद किए।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। एएमयू में छात्रसंघ बहाली और चुनाव की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन के बीच शनिवार शाम कैंपस का माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। धरने पर संबोधन के दौरान प्राक्टोरियल टीम एमएम हाल से एक युवक को अपने साथ ले गई। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस के अनुसार पकड़ा गया आरेापित आजमगढ़ का आरिफ है।
उसके खिलाफ पिछले दिनों मुकदमा पंजीकृत हुआ था। युवक की गिरफ्तारी की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में छात्र प्राक्टर कार्यालय पहुंच गए और घेराव कर दिया। छात्रों और प्राक्टोरियल टीम के बीच नोकझोंक हुई। इसके विरोध में प्रदर्शनकारी छात्रों ने विश्वविद्यालय के बाबे सैयद, सेंटेनरी गेट सहित अन्य गेट बंद कर दिए।
सोमवार रात हुई मारपीट को लेकर फैसल त्यागी की ओर से चार छात्रों के खिलाफ दर्ज कराई गई एफआइआर से जुड़ा बताया जा रहा है। शनिवार को इसी मुकदमे के आधार पर टीम चार लोगों को अपने साथ लेकर चली गई। कुछ ही देर में इसकी सूचना धरने पर मौजूद अन्य छात्रों तक पहुंची तो छात्र एकजुट होकर प्राक्टर कार्यालय पहुंच गए।
कार्यालय के बाहर छात्रों ने चारों को छोड़ने की मांग को लेकर नारेबाजी की। इस दौरान काफी देर तक हंगामा और नोकझोंक होती रही। छात्रों के दबाव के बाद प्राक्टोरियल टीम ने तीन लोगों को छोड़ दिया। आरिफ को छात्र नहीं मानने की बात कहते हुए पुलिस को सौंप दिया गया। इससे छात्रों में नाराजगी और बढ़ गई।
आरिफ को पुलिस के हवाले किए जाने के विरोध में छात्रों ने एएमयू के दोनों प्रवेश द्वार बंद कर दिए। गेटों पर छात्रों की भीड़ जमा हो गई और बाहरी आवाजाही रोक दी गई। प्रदर्शनकारी आरिफ को भी छोड़े जाने की मांग कर रहे हैं। देर शाम तक कैंपस में प्रदर्शन जारी रहा।
13 दिन से चल रहा धरना, पूर्व पदाधिकारी भी पहुंचे
छात्रसंघ बहाली और चुनाव कराने की मांग को लेकर एएमयू में पिछले 13 दिनों से धरना चल रहा है। शनिवार को पूर्व छात्रसंघ सचिव हुजैफा अमीर रशीद भी धरना स्थल पहुंचे और छात्रों को संबोधित किया। उनके संबोधन युवक की गिरफ्तारी पर नाराजगी जताई। इसके बाद हुजैफा अमीर रशीद के नेतृत्व में छात्र प्राक्टर कार्यालय पहुंचे और घेराव किया।
हुजैफा अमीर रशीद ने कहा कि तीन लोगों को छोड़ दिया गया है, जबकि आरिफ को छात्र नहीं मानकर पुलिस के हवाले किया गया है। इसी के विरोध में दोनों गेट बंद किए गए हैं और छात्र अपना आंदोलन जारी रखेंगे।
