विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

AMU छात्रसंघ के साथ ही होंगे कोर्ट के 11 छात्र प्रतिनिधियों के चुनाव, प्रो. तालिब को जिम्मेदारी

By Digital Desk Edited By: Prateek Gupta
Published: Mon, 12 Oct 2026 03:14 PM (IST)

अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव के साथ ही कोर्ट के 11 छात्र प्रतिनिधियों के चुनाव कराने की तैयारी है। ...और पढ़ें

AMU का प्रवेश द्वार।

AMU का प्रवेश द्वार।

जागरण संवाददाता, अलीगढ़। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) में छात्रसंघ चुनाव के साथ ही विश्वविद्यालय कोर्ट के 11 छात्र प्रतिनिधियों के चुनाव कराने की तैयारी है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कोर्ट में विभिन्न संकायों के छात्र प्रतिनिधियों के चुनाव कराने को विधि विभाग के प्रो. जावेद तालिब को मुख्य निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया है।

कुलसचिव प्रो. आसिम जफर की ओर से 12 अक्टूबर को जारी अधिसूचना में यह जानकारी दी गई है। विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. नईमा खातून ने एएमयू अध्यादेश (कार्यकारी) के अध्याय 15 के खंड नौ के तहत प्रो. जावेद तालिब को मुख्य निर्वाचन अधिकारी नामित किया है। अधिसूचना के अनुसार, चुनाव इसी अध्याय के प्रावधानों के तहत कराए जाएंगे।

एएमयू छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता अब्दुल हफीज गांधी ने कुलपति को पत्र भेजकर छात्रसंघ के साथ ही कोर्ट के 11 छात्र प्रतिनिधियों के चुनाव कराने की मांग की थी। उन्होंने कहा था कि विश्वविद्यालय कोर्ट में छात्रों का प्रतिनिधित्व महत्वपूर्ण है। यह विश्वविद्यालय की सर्वोच्च वैधानिक संस्था है, जहां निर्वाचित छात्र प्रतिनिधि छात्र समुदाय से जुड़े मुद्दे उठा सकते हैं।

अब्दुल हफीज गांधी ने पत्र में उल्लेख किया था कि वर्ष 2018 में छात्रसंघ और विश्वविद्यालय कोर्ट के छात्र प्रतिनिधियों के चुनाव एक ही प्रक्रिया के तहत कराए गए थे। उन्होंने इस बार भी दोनों चुनाव एक साथ कराने का अनुरोध किया था।

साथ ही कहा था कि यदि कोर्ट के चुनाव के लिए अलग अधिसूचना जारी करने की आवश्यकता है तो इसे शीघ्र जारी किया जाए। अब कोर्ट के छात्र प्रतिनिधियों के चुनाव के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी की नियुक्ति को इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।