विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

AMU में बनेगा केपी एक्सीलेंस सेंटर, नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में छात्रों को मिलेगा अवसर

By Digital Desk Edited By: Prateek Gupta
Published: Sat, 17 Oct 2026 12:37 PM (IST)

अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में केपी एक्सीलेंस सेंटर स्थापित होगा, जो युवाओं को नवीकरणीय ऊर्जा और नई तकनीक से जोड़ेगा। केपी ...और पढ़ें

AMU का प्रवेश द्वार।

AMU का प्रवेश द्वार।

जागरण संवाददाता, अलीगढ़। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) में केपी एक्सीलेंस सेंटर की स्थापना की जाएगी। गुजरात के केपी ग्रुप के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक फारुक जी. पटेल ने शनिवार को सर सैयद दिवस समारोह में इसकी घोषणा की। उन्होंने कहा कि उनका समूह विश्वविद्यालय के साथ मिलकर युवाओं को नई तकनीक, नवीकरणीय ऊर्जा और रोजगार के अवसरों से जोड़ने की दिशा में काम करेगा।

वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में एएमयू की भूमिका को मजबूत करने के लिए वह हरसंभव सहयोग देने को तैयार हैं। फारुक जी. पटेल ने बताया कि केपी ग्रुप पिछले दो दशकों से नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में काम कर रहा है। समूह सौर ऊर्जा, पवन ऊर्जा, ग्रीन हाइड्रोजन और बैटरी भंडारण जैसे क्षेत्रों में सक्रिय है।

एएमयू में प्रस्तावित केपी एक्सीलेंस सेंटर के माध्यम से विद्यार्थियों को इन उभरते क्षेत्रों से जोड़ने और उनकी क्षमताओं को विकसित करने की दिशा में काम किया जाएगा। इससे विद्यार्थियों को बदलती तकनीक और उद्योग की जरूरतों को समझने का अवसर मिल सकेगा।

प्रधानमंत्री के भाषण से मिली एएमयू आने की प्रेरणा

पटेल ने कहा कि वर्ष 2020 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का एएमयू पर दिया गया भाषण सुनने के बाद उनके मन में विश्वविद्यालय आने की इच्छा पैदा हुई थी। प्रधानमंत्री ने एएमयू को 'मिनी भारत' बताया था। उन्होंने कहा कि यहां विभिन्न पृष्ठभूमियों के विद्यार्थियों की मौजूदगी और शिक्षा का माहौल उन्हें आकर्षित करता है।

अपने जीवन के अनुभव साझा करते हुए पटेल ने विद्यार्थियों को मेहनत, शिक्षा और लगन का महत्व समझाया। उन्होंने बताया कि उनके पिता सूरत में 28 वर्षों तक बस कंडक्टर रहे। वह भी 16 वर्ष की उम्र तक साधारण परिवेश में रहे। लगातार मेहनत और संघर्ष के बल पर उन्होंने कारोबारी क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि परिस्थितियां कैसी भी हों, लक्ष्य के प्रति समर्पण और निरंतर प्रयास से सफलता हासिल की जा सकती है।

पटेल ने एएमयू के विद्यार्थियों और पूर्व छात्रों को देश के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के साथ जुड़कर युवाओं की प्रतिभा को आगे बढ़ाने और भारत के ऊर्जा क्षेत्र में नए अवसर पैदा करने की दिशा में सहयोग करना उनकी प्राथमिकता रहेगी।