विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 07, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

'ऊपर पहुंचा दिया जाएगा', अलीगढ़ सांसद सतीश गौतम के बिगड़े बोल; कहा- AMU में धूमधाम से मनाई जाएगी होली

Published: Fri, 07 Mar 2025 07:13 PM (IST)

अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में होली मनाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने होली मिलन कार्यक्रम की ...और पढ़ें

अलीगढ़ सांसद सतीश गौतम के बिगड़े बोल
अलीगढ़ सांसद सतीश गौतम के बिगड़े बोल

जागरण संवाददाता, अलीगढ़। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय(एएमयू) में होली खेलने की अनुमति को लेकर शुरु हुए विवाद थमता नजर नहीं आ रहा। भाजपा सांसद सतीश गौतम भी इसमें कूद पड़े हैं। उन्होंने कहा है कि एएमयू में होली होगी, जमकर होगी। सभी हिंदू छात्र धूमधाम से होली मनाएंगे। किसी भी हिंदू छात्र के साथ कोई परेशानी आती है तो उसके लिए मैं बैठा हूं।

होली के लिए किसी की अनुमति की आवश्यकता नहीं है। पिछले साल होली खेलने के दौरान हिंदू छात्रों पर हुए हमले के सवाल पर कहा कि मारपीट कैसे हो जाएगी, जो मारपीट करेगा उसे ऊपर पहुंचा दिया जाएगा। एएमयू में विधि के छात्र अखिल कौशल ने यूनिवर्सिटी प्रशासन से एनआरएससी हाल में होली मिलन समारोह के आयोजन की अनुमति मांगी थी, जो उसे नहीं मिली। इसके बाद से मामला गरमाया हुआ है।

गुरुवार को अखिल भारतीय करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष ज्ञानेंद्र चौहान ने एलान किया कि अगर छात्रों को समारोह के आयोजन की अनुमति नहीं मिलती है वह टीम के साथ यूनिवर्सिटी परिसर में 10 मार्च को होली खोलेने जाएंगे। किसी भी टकराव की संभावना को देखते हुए पुलिस-प्रशासन चौकन्ना हो गया है।

करणी सेना और अन्य हिंदूवादियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। शुक्रवार को कलक्ट्रेट में जिला विकास समन्वयक एंव निगरानी समिति(दिशा) की बैठक में शामिल होने गए सांसद सतीश गौतम ने मीडिया से बातचीत में कहा कि एएमयू में होली खेलने से कोई नहीं रोक सकता है। छात्र वहां होली खेलेंगे। कोई मारपीट करता है तो उसे ऊपर पहुंचा देंगे।

यूनिवर्सिटी परिसर में नहीं खेलूंगा होली- अखिलेश

होली मिलन समारोह की अनुमित मांगने वाले छात्र अखिलेश कौशल ने कहा कि अब वह यूनिवर्सिटी परिसर में होली नहीं खेलेंगे। समारोह के आयोजन की अनुमति मिलती तो साथी छात्रों के साथ त्योहार को उत्साह पूर्वक मनाते। अलीगढ़ की प्रतिभा कालोनी निवासी छात्र ने कहा कि वह यूनिवर्सिटी परिसर में वह कहीं भी होली नहीं खेलेंगे। त्योहार पर अपने घर पर रहूंगा।

यूनिवर्सिटी में होली खेलने की कोई रोक नहीं : प्राक्टर

एएमयू प्राक्टर प्रो. एम वसीम अली का कहना है कि यूनिवर्सिटी परिसर में होली खेलने पर कभी रोक नहीं रही। यहां परंपरागत रूप से ईद, होली और दीपावली सहित सभी त्योहार छात्र मिलकर मनाते हैं। छात्रावासों और विभागों में आयोजन होते हैं। लेकिन, किसी खास समूह के लिए कोई विशेष समारोह आयोजित नहीं होता। कोई नई परंपरा शुरू करना भी उचित नहीं है।