AMU दैनिक वेतनभोगियों को मिली खुशखबरी, बढ़ी हुई मजदूरी दरें 1 नवंबर 2026 से होंगी लागू
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों के लिए केंद्रीय मजदूरी दरें लागू होने से खुशी का माहौल है। कुलपति ...और पढ़ें

AMU का प्रवेश द्वार।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (AMU) में दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों के लिए केंद्रीय मजदूरी दरें लागू करने का आदेश जारी होने के बाद खुशी का माहौल है। कुलपति की मंजूरी से उनकी मजदूरी बढ़ाई गई है। नई दरें 1 नवंबर 2026 से लागू होंगी। कर्मचारियों ने इसे लंबे समय से जारी प्रयासों और संघर्ष की बड़ी कामयाबी बताया है।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव कार्यालय के प्रशासन अनुभाग (गैर-शिक्षण) की ओर से 21 अक्टूबर को जारी कार्यालय ज्ञापन के अनुसार, कुशल और लिपिकीय श्रेणी के कर्मचारियों को 933 रुपये प्रतिदिन, अर्धकुशल श्रेणी के कर्मचारियों को 794 रुपये और अकुशल श्रेणी के कर्मचारियों को 704 रुपये प्रतिदिन मिलेंगे।
यह व्यवस्था विश्वविद्यालय के विभिन्न कार्यालयों और विभागों में रिवाल्विंग फंड या इसी तरह के अन्य मदों से भुगतान पाने वाले दैनिक वेतनभोगियों और उनके समकक्ष नियत वेतन वाले कर्मचारियों पर लागू होगी। केंद्रीय श्रम आयुक्त के निर्देशों और एएमयू अधिकारियों के साथ हुई बैठकों के बाद यह निर्णय लिया गया है। कर्मचारियों ने इस उपलब्धि के लिए साहिल एंड टीम के सदस्यों का आभार जताया।
उन्होंने केंद्रीय सहायक श्रम आयुक्त (झांसी) डा. दक्षिता गड़वाल की भूमिका की सराहना करते हुए उन्हें धन्यवाद भी दिया। कर्मचारियों का कहना है कि केंद्रीय मजदूरी दरों का आदेश जारी होना उनके अधिकारों की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। हालांकि, उन्होंने नियमितीकरण, नौकरी की सुरक्षा और बेहतर भविष्य के लिए प्रयास जारी रखने की बात कही। उनके अनुसार, यह उपलब्धि सामूहिक प्रयास और एकजुटता का परिणाम है।
