विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

AMU के प्रतिष्ठित अवार्ड की घोषणा, इस साल दो एजुकेशनल सोसायटीज को मिलेगा सर सैयद उत्कृष्टता पुरस्कार

By Santosh Sharma Edited By: Prateek Gupta
Published: Tue, 06 Oct 2026 06:57 PM (IST)

अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (AMU) ने सर सैयद उत्कृष्टता पुरस्कार-2026 के लिए चयनित पुरस्कार प्राप्तकर्ताओं की घोषणा कर दी है। अंतरराष्ट्रीय ...और पढ़ें

AMU का प्रवेश द्वार।

AMU का प्रवेश द्वार।

HighLights

  1. अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार प्रो. हुसैन नस्र को, राष्ट्रीय ख्वाजा बंदानवाज सोसायटी को।

  2. ये पुरस्कार 17 अक्टूबर को सर सैयद दिवस समारोह में प्रदान होंगे।

जागरण संवाददाता, अलीगढ़। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (AMU) ने सर सैयद उत्कृष्टता पुरस्कार-2026 के लिए चयनित पुरस्कार प्राप्तकर्ताओं की घोषणा कर दी है। अंतरराष्ट्रीय सर सैयद उत्कृष्टता पुरस्कार प्रमुख इस्लामी दार्शनिक एवं विद्वान प्रो. हुसैन नस्र को और राष्ट्रीय सर सैयद उत्कृष्टता पुरस्कार कर्नाटक के गुलबर्गा स्थित ख्वाजा बंदानवाज एजुकेशनल सोसायटी को दिया जाएगा।

संस्थापक सर सैयद अहमद खान की जयंती पर 17 अक्टूबर को आयोजित होने वाले सर सैयद दिवस समारोह में पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। प्रो. हुसैन नस्र जार्ज वाशिंगटन विश्वविद्यालय में इस्लामी अध्ययन के प्रोफेसर हैं। उन्होंने एमआइटी से भौतिकी में स्नातक और हार्वर्ड विश्वविद्यालय से भूविज्ञान एवं भूभौतिकी में स्नातकोत्तर तथा विज्ञान के इतिहास में पीएचडी की है।

उनकी प्रमुख पुस्तकों में ‘इस्लाम में विज्ञान और सभ्यता’, ‘धर्म और प्रकृति की व्यवस्था’, ‘इस्लाम का हृदय’ और ‘इस्लाम : धर्म, इतिहास और सभ्यता’ शामिल हैं। वर्ष 1958 में स्थापित ख्वाजा बंदानवाज एजुकेशनल सोसायटी कई शैक्षणिक संस्थानों का संचालन करती है, जिनमें ख्वाजा बंदानवाज विश्वविद्यालय भी शामिल है।

अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार के तहत दो लाख रुपये और राष्ट्रीय पुरस्कार में एक लाख रुपये की नकद राशि दी जाती है। ये पुरस्कार सर सैयद अध्ययन, दक्षिण एशियाई अध्ययन, उर्दू साहित्य, मध्यकालीन इतिहास, सामाजिक सुधार, सांप्रदायिक सद्भाव, पत्रकारिता और अंतरधार्मिक संवाद सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान के लिए दिए जाते हैं।

पुरस्कार प्राप्तकर्ताओं का चयन प्रो. आजरमी दुख्त सफवी की अध्यक्षता वाले प्रतिष्ठित निर्णायक मंडल ने किया। मंडल में जामिया मिल्लिया इस्लामिया, नई दिल्ली के कला संकाय के पूर्व अधिष्ठाता प्रो. अनीसुर रहमान, एएमयू के केए निजामी कुरआनी अध्ययन केंद्र के मानद निदेशक प्रो. एआर किदवई, प्रसिद्ध लेखक सैयद मोहम्मद अशरफ, कला संकाय के पूर्व अधिष्ठाता प्रो. इम्तियाज हसनैन और सर सैयद अकादमी के निदेशक और संयोजक प्रो. शाफे किदवई शामिल थे। चयन को एएमयू की कुलपति प्रो. नइमा खातून ने अंतिम स्वीकृति प्रदान की।