24 घंटे बाद हड़ताल खत्म, काम पर लौटे एंबुलेंस चालक
24 घंटे हड़ताल के बाद एंबुलेंस चालक काम पर लौट आए। इस दौरान मरीजों को तीमरदारों को बेहद परेशानी का सामना करना पड़ा।
अलीगढ़ (जेएनएन)। 24 घंटे हड़ताल के बाद एंबुलेंस चालक काम पर लौट आए। इस दौरान मरीजों को तीमरदारों को बेहद परेशानी का सामना करना पड़ा। चालकों ने वेतन बढ़ाने को लेकर हड़ताल की थी, लेकिन शासन के आला अधिकारियों के आश्वासन के बाद चालकों ने हड़ताल समाप्त कर दी।
यह थी मांग
एंबुलेंस चालक वेतन वृद्धि की मांग कर रहे थे। उनका कहना है कि उन्हें जो राशि वेतन के रूप में दी जा रही है, वह काफी कम है। इससे परिवार का खर्च चलाना काफी मुश्किल है। इसमें वृद्धि की मांग काफी समय से की जा रही है। संबंधित अधिकारी आश्वासन भी देते रहे, लेकिन वेतन में वृद्ध नहीं की गई। वेतन वृद्धि की मांग को अनदेखा किया जा रहा है। इसके चलते चेतावनी भी दी गई, लेकिन उस पर ध्यान नहीं दिया गया। इसके चलते हड़ताल का कदम उठाना पड़ा है।
अलीगढ़ में अस्सी एंबुलेंस
अलीगढ़ में 102, 108 व एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट की 80 एंबुलेंस हैं। सुबह चालक अस्पताल तो पहुंचे लेकिन एंबुलेंस खड़ी रखीं। बाद में चालक दीनदयाल अस्पताल में एकत्रित हुए, यहां धरना शुरू कर दिया गया।