अलीगढ़: फ्रांस से नौकरी छोड़ी, बालों से खड़ा किया 100 करोड़ का कारोबार; Start up ने कर दिखाया कमाल
अलीगढ़ के जितेंद्र शर्मा ने फ्रांस में अपनी नौकरी छोड़कर असली बालों से विग बनाने का सफल स्टार्टअप शुरू किया। ...और पढ़ें

अलीगढ़ के जितेंद्र शर्मा।
HighLights
फ्रांस की नौकरी छोड़ अलीगढ़ के जितेंद्र ने स्टार्टअप शुरू किया।
शार्क टैंक में चयन, गौतम अडानी से मिला निवेश का प्रस्ताव।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। आइआइटी दिल्ली से इंजीनियरिंग करने वाले अलीगढ़ के जितेंद्र शर्मा ने फ्रांस के पेरिस में नौकरी छोड़ उद्यमिता की राह चुनी। वर्ष 2019 में कृष आर्जिनल प्राइवेट लिमिटेड की शुरुआत कर असली बालों से विग बनाने का काम शुरू किया। शुरुआत के कुछ समय बाद कोरोना संकट ने कारोबार की रफ्तार थाम दी, लेकिन जितेंद्र ने हार नहीं मानी।
आज कंपनी के चार प्लांट हैं और करीब 2600 लोगों को रोजगार मिला है। अलीगढ़ इकाई में 60 महिलाएं काम करती हैं। कंपनी का वार्षिक कारोबार करीब 100 करोड़ रुपये पहुंच चुका है। जितेंद्र का चयन सोनी टीवी के शार्क टैंक के लिए भी हुआ है। कंपनी के एनसीआर और बेंगलुरु में छह आउटलेट हैं।
कासिमपुर पावर हाउस में सेवाएं देने वाले कैलाश चंद्र शर्मा के एक मात्र बेटा जितेंद्र शर्मा हैं। इसी कस्बे से हाईस्कूल, वर्ष 2002 में एमएमयू कक्षा 12वीं की। वर्ष 2008 में फ्रांस चले गए। 10 वर्ष बाद ही उन्होंने यह स्टार्टअप तैयार कर बालों की विग तैयार की। इसका 40 देशों के लिए निर्यात होता है। सोनी टीवी के शार्क टैंक के लाइव शो से जितेंद्र शर्मा व उनके पार्टनर की लोकप्रियता और बढ़ गई।
गत आठ अगस्त को वंदे भारत का एक कार्यक्रम सोनी टीवी पर प्रसारित किया था। इसमें देशभर के 54 स्टार्टअप शुरू करने वाले शामिल हुए। यह 13 अगस्त तक चला। इसके फाइनल में जितेंद्र शर्मा पहुंचे। गौतम अड़ानी व उनके स्वजन से मिलने का अवसर मिला। इन्हें स्टार्टअप इतना पसंद था, कि उन्होंने कंपनी को और आगे बढ़ाने के लिए 40 करोड़ रुपये निवेश का प्रस्ताव दिया।
विदेशी मांग से स्टार्टअप का आया विचार
जितेंद्र शर्मा फ्रांस के पेरिस के निकट स्थित ऑयल कंपनी में काम करते थे। तब उनके दोस्त असली बालों की विग की मांग करते थे। इसे कैंसर रोगी अधिक पसंद करते हैं। दरअसल, कैंसर के इलाज के दौरान बाल झड़ना आम समस्या है।
