विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यू ट्यूबर बाइक राइडर की दर्दनाक मौत, दिल्ली-कानपुर हाईवे पर हुआ हादसा; नोएडा जाते में अलीगढ़ में हुई दुर्घटना

By Sandeep Saxena Edited By: Prateek Gupta
Published: Mon, 25 May 2026 02:32 PM (GMT+05:30)

अलीगढ़ में दिल्ली-कानपुर हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसे में यूट्यूबर और बाइक राइडर उद्धव पाठक की मौत हो गई। ...और पढ़ें

दुर्घटना में क्षतिग्रस्त बाइक और यूट्यूब उद्धव का फाइल फोटो।

दुर्घटना में क्षतिग्रस्त बाइक और यूट्यूब उद्धव का फाइल फोटो।

HighLights

  1. यूट्यूबर बाइक राइडर उद्धव पाठक की सड़क हादसे में मौत।

  2. अलीगढ़ में दिल्ली-कानपुर हाईवे पर अज्ञात लोडर से टक्कर।

संवाद सूत्र, लोधा (अलीगढ़)। थाना रोरावर क्षेत्र में दिल्ली-कानपुर हाईवे पर मालान ढाबे के पास रविवार शाम बाइक व छोटे लोडर में आमने-सामने की टक्कर होने से बाइक सवार युवक की मृत्यु हो गई। वह यूटयूबर और बाइक राइडर था। युवक नोएडा स्थित मल्टीनेशनल कंपनी में कार्यरत था। बाइक द्वारा घर से नौकरी के लिए नोएडा जा रहा था।

अचानक दुर्घटना हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। पुलिस अज्ञात छोटे लोडर के चालक की तलाश में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली रही है।

हाथरस के थाना सासनी क्षेत्र के गांव नगला गडू के दिलीप पाठक के पुत्र उद्धव पाठक नोएडा की एक मल्टीनेशनल कंपनी में मैनेजर पद पर कार्यरत थे। रविवार को वह बाइक से अपने घर से नोएडा जा रहे थे। शाम करीब चार बजे जब वह थाना रोरावर क्षेत्र में मालान ढाबा के निकट दिल्ली-कानपुर हाईवे पर पहुंचे।

तभी विपरीत गलत दिशा से आए अज्ञात छोटे लोडर से बाइक की आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक सड़क पर दूर जा गिरा। हादसे में उसका हेलमेट पूरी तरह टूट गया और सिर में गंभीर चोट लगने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।

जानकारी होने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल का निरीक्षण किया। बताया जा रहा है कि उद्धव पाठक को बाइक राइडिंग का काफी शौक था। वह अक्सर लंबी दूरी की यात्रा बाइक से किया करते था। वह यूटयूबर भी थे। युवक की मौत की खबर जैसे ही परिवार तक पहुंची तो घर में कोहराम मच गया। मृतक दो भाइयों में छोटा था।

बड़े भाई एक कालेज में प्रोफेसर हैं। मां शिक्षिका हैं, जबकि पिता एलआईसी कंपनी में कार्यरत बताए गए हैं। इंस्पेक्टर बंशीधर पांडेय का कहना है कि दुर्घटना के संबंध में अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। अज्ञात वाहन चालक की पहचान के लिए हाईवे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही हैं।