सास ने बहू पर डाला खौलता हुआ दूध, हालत गंभीर; अलीगढ़ में घरेलू हिंसा का शिकार हुई महिला
अलीगढ़ के छर्रा में एक विवाहिता को उसकी सास ने खौलते दूध से नहला दिया, जिससे वह गंभीर रूप से ...और पढ़ें

खौलते दूध से झुलसी महिला पुष्पा।
HighLights
पति के जुए में पैसे उड़ाने को लेकर हुआ था विवाद।
पीड़िता को जेएन मेडिकल अलीगढ़ रेफर किया गया।
संवाद सूत्र, छर्रा (अलीगढ़)। मोहल्ला हलवाईयान में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक विवाहिता को उसकी सास ने विवाद के दौरान खौलते हुए दूध से नहला दिया। इस हमले में महिला का ऊपरी शरीर बुरी तरह झुलस गया है।
घटना की सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है। कासगंज जिले के थाना ढोलना क्षेत्र स्थित गांव सलेमपुर लाला निवासी सतेन्द्र कुमार ने बताया कि उनकी बहन पुष्पा की शादी छर्रा के मोहल्ला हलवाईयान में सोनू पुत्र लीलाधर के साथ हुई थी।
जो अभी दिल्ली में रह कर किसी निजी कंपनी में काम करता है। पीड़ित महिला ने आरोप लगाया है कि उसका पति दिल्ली में रहकर जो भी रुपए कमाता है सब सट्टे व जुए में उड़ा देता है। जिसके कारण घर में विवाद होता रहता है। मंगलवार की देर शाम पुष्पा का अपनी सास माना देवी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
विवाद इतना बढ़ा कि सास माना देवी ने अपना आपा खो दिया और चूल्हे पर उबलता हुआ गर्म दूध उठाकर पुष्पा के ऊपर उड़ेल दिया। गर्म दूध गिरने से पुष्पा का शरीर बुरी तरह झुलस गया और वह दर्द से चीखने लगी।
पीड़िता के भाई सतेन्द्र कुमार का आरोप है कि उसकी बहन के साथ ससुराल में पहले भी मारपीट की जाती रही है। पुष्पा देवी कस्बा के ही एक निजी विद्यालय में कर्मचारी के पद पर कार्यरत हैं। पीड़ित महिला ने बताया घटना के बाद पुष्पा के ससुर लीलाधर ने उसे जान से मारने की धमकी दी है।
घटना के बाद मौके पर पहुंचे पीड़िता की छोटी बहन व बहनोई ने घायल महिला को सीएचसी छर्रा पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने घायल महिला को प्राथमिक उपचार देने के बाद जे एन मेडिकल अलीगढ़ रेफर कर दिया। इंस्पेक्टर विजय सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी है लेकिन मामले की तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।
