शादी का झांसा देकर युवती से किया दुष्कर्म, विरोध करने पर धमकी; अलीगढ़ के छर्रा का मामला
अलीगढ़ के छर्रा क्षेत्र में शादी का झांसा देकर एक युवती के साथ धोखाधड़ी और शोषण का गंभीर मामला सामने ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
आरोपी और परिजनों ने शादी से इनकार कर धमकी दी।
पीड़िता ने एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई, जांच जारी।
संवाद सूत्र, छर्रा (अलीगढ़)। क्षेत्र के एक गांव में शादी का झांसा देकर युवती से धोखाधड़ी और शोषण का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता ने आरोपी और उसके परिजनों के खिलाफ एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
गांव टंडोली निवासी पीड़िता ने तहरीर में बताया कि उसकी बहन की शादी थाना पालीमुकीमपुर के गांव सैफपुर में जयप्रकाश से हुई थी। वहां के निवासी डोरीलाल, विक्की, कौशलेन्द्र और रूपेश ने पीड़िता से कहा कि वे उसकी शादी जयप्रकाश के भाई अनिल कुमार से करा देंगे।
इसके बाद अनिल ने फोन पर पीड़िता से बात करना शुरू किया और उसे शादी का भरोसा दिलाकर अपने विश्वास में ले लिया। आरोप है कि अनिल ने शादी का झांसा देकर पीड़िता के साथ शारीरिक संबंध बनाए। जब पीड़िता ने शादी का प्रस्ताव रखा और डोरीलाल, विक्की व अन्य परिजनों से बात की, तो उन्होंने शादी से इन्कार कर दिया।
पीड़िता का आरोप है कि अब उक्त सभी लोग जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। आरोपियों ने यह भी बताया कि उन्होंने अनिल की शादी अब कहीं और तय कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच करके कार्रवाई की जाएगी।
