अलीगढ़: भीगने से मंडी में गिरा धान का भाव, घाटे में बेचना पड़ा; किसान मायूस
अलीगढ़ की धनीपुर मंडी में बारिश से भीगे धान के दाम गिरने से किसानों को भारी नुकसान हो रहा है। ...और पढ़ें

बारिश में भीगने के बाद धनीपुर मंडी में सूखता धान।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। बरसात से धनीपुर मंडी में भीगे धान के भाव कम मिलने से किसानों को घाटा हो रहा हैं। मंगलवार को भीगे धान का दाम 3450 रुपये प्रति कुंतल रहा। कम भाव मिलने के कारण कुछ किसान धान लेकर लौट गए, तो कुछ घाटे में बेच गए। अभी मंडी में 40 हजार कुंतल धान लोडिंग होने के इंतजार में है। माल अधिक आने के कारण लोडिंग न होने के कारण मंगलवार को मंडी बंद रही।
बुधवार को मंडी सामान्य दिनों की तरह खुलेगी। मौसम साफ रहने के कारण आवक बढ़ने की संभावना है। सोमवार को बरसात के कारण मंडी में रखा हुआ धान भीग गया था। इससे उसका रंग बदल गया। बारसात से पहले कंबाइन से निकले सूखे धान का भाव 3700 और हाथ के निकाले गए धान का भाव 4200 रुपये प्रति कुंतल था। लेकिन भीगने पर भाव नहीं मिल सका।
बरसात होने के कारण किसानों का कटा हुआ धान अभी खेतों में पड़ा है। उसे लाने में समय लगेगा। मंडी में जिले के ही नहीं हाथरस, एटा और फिरोजाबाद के किसान भी हजारों कुंतल धान लेकर आते हैं। मंडी सचिव मुकेश त्रिपाठी ने बताया कि दो लाख कुंतल धान आ गया था, मगर बरसात होने से वह भीग गया है। इससे लोडिंग में समस्या आ रही थी। इस कारण मंडी बंद रखनी पड़ी थी।
मंडी में 100 कुंतल धान बेचने के लिए लाए थे। बरसात के कारण धान भीग गया। भाव न मिलने के कारण अब वापस लेकर जाना पड़ रहा है।
टिकैत ठाकुर, किसान
80 कुंतल धान लेकर आए थे। भीगने के कारण रंग बदल गया। इससे 3450 रुपये प्रति कुंतल भाव रहा। इससे हजारों रुपये का नुकसान हुआ।
रोहित यादव, किसान
