अलीगढ़ में बेमौसम झमाझम बरसात से अन्नदाता बेहाल, मंडी और खेतों में भीग गया करोड़ों का धान
अलीगढ़ के खैर क्षेत्र में अचानक हुई बेमौसम बारिश से किसानों की धान की फसल और अनाज मंडी में रखा ...और पढ़ें

HighLights
खैर में बेमौसम बारिश से किसानों की नींद उड़ी।
खेतों में कटी धान की फसल भी जलमग्न।
संवाद सूत्र, खैर (अलीगढ़)। अचानक बदले मौसम के मिजाज ने किसानों की नींद उड़ा दी है। सुबह करीब छह बजे हुई अचानक तेज बारिश ने क्षेत्र में जमकर तबाही मचाई। इस बेमौसम बरसात के कारण अलीगढ़ पलवल मार्ग स्थित मुख्य अनाज मंडी में खुले आसमान के नीचे बोरियों में भरकर रखा गया धान पूरी तरह भीग गया।
दूसरी ओर खेतों में कटकर सूखने के लिए पड़ी धान की फसल भी पानी में डूब गई, जिससे किसानों के चेहरों पर गहरी चिंता की लकीरें खिंच गई हैं। अलीगढ़ पलवल मार्ग पर स्थित अनाज मंडी में इन दिनों धान की आवक जोरों पर है। सोमवार सुबह अचानक तेज बारिश शुरू होने से मंडी परिसर में हड़कंप मच गया। कई किसानों और आढ़तियों का धान खुले में बोरियों में भरा हुआ रखा था, जिसे समय रहते ढंका नहीं जा सका।
तेज बौछारों के कारण हजारों बोरी धान पानी से तरबतर हो गया। धान भीगने से व्यापारियों और किसानों दोनों को भारी आर्थिक नुकसान की आशंका सता रही है, क्योंकि नमी बढ़ने से धान की गुणवत्ता प्रभावित होगी और खरीद में दिक्कत आएगी। सिर्फ मंडी ही नहीं, बल्कि ग्रामीण इलाकों में भी मौसम की इस मार ने किसानों की कमर तोड़ दी है।
जिन किसानों ने अपनी धान की फसल काटकर खेतों में सुखाने के लिए छोड़ी थी, उनकी फसल भी पानी में डूब गई। खेतों में जलभराव होने से कटी हुई बालियां भीग गई हैं, जिससे दाने के सड़ने या काले पड़ने का खतरा पैदा हो गया है। धान की फसल खराब होने की आशंका से अन्नदाता एक बार फिर प्रकृति के आगे लाचार नजर आ रहा है।
अचानक हुई इस बेमौसम बारिश से हुए नुकसान के बाद किसानों ने प्रशासन से सर्वे कराकर उचित मुआवजे की मांग की है। किसानों का कहना है कि लागत निकालकर फसल तैयार करने के बाद इस तरह की प्राकृतिक आपदा उनके लिए दोहरी मार साबित हो रही है।
पांच हजार बोरे धान भीगा
मंडी के कारोबारी श्यामलाल अग्रवाल, अरुण पाराशर, विजय गोयल, अजय अग्रवाल व कुलदीप सिंह आदि ने बताया कि बेमौसम बारिश के कारण मंडी परिसर में खुले में रखा करीब पांच हजार बोरा धान भीग गया है। भीगे हुए धान की सुरक्षित लोडिंग कराकर उसे मिलों तक भिजवाने में कम से कम दो दिन का समय लगेगा। इसी स्थिति को देखते हुए मंगलवार मंडी में धान की खरीद पूरी तरह स्थगित रहेगी।
