अलीगढ़ में क्षत्रिय सेना जिलाध्यक्ष पर हमला: दो आरोपी गिरफ्तार, विवादित बयान से जुड़ा मामला
अलीगढ़ में क्षत्रिय युवा करणी सेना के जिलाध्यक्ष सचिन राघव पर कथित आपत्तिजनक बयान के बाद हुए हमले में पुलिस ...और पढ़ें

थाना सिविल लाइन में गिरफ्तार आरोपी।
HighLights
क्षत्रिय युवा करणी सेना जिलाध्यक्ष सचिन राघव पर हुआ हमला।
पुलिस ने करण और अंकुश नामक दो आरोपियों को किया गिरफ्तार।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। सवर्ण महापंचायत में दिए गए कथित आपत्तिजनक बयान को लेकर क्षत्रिय युवा करणी सेना के जिलाध्यक्ष सचिन राघव से मारपीट के मामले में सिविल लाइन पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अन्य की तलाश अभी जारी है।
सीओ सर्वम सिंह के अनुसार पकड़े गए आरोपियों में गांधीपार्क क्षेत्र के शिशियापाड़ा निवासी करण और अंकुश हैं। दोनों वीडियो में सचिन राघव को पीटते हुए नजर आ रहे हैं। जुपिटर लाज में आयोजित सवर्ण महापंचायत के बाद सचिन राघव के भाई सुंदर सिंह राघव का एक वीडियो प्रसारित हुआ था।
इसमें वाल्मीकि समाज को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने का आरोप लगा था। इसी को लेकर 16 सितंबर की शाम स्टेट बैंक तिराहे के पास सचिन राघव, उनके भाई सुंदर और प्रहलाद पर कुछ युवकों ने हमला कर दिया था। आरोप है कि सचिन को बेल्ट से पीटने के बाद आंबेडकर पार्क में ले जाया गया, जहां उनसे नारे लगवाए गए।
घटना का वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ था। सचिन राघव की तहरीर पर सिविल लाइन थाने में जान से मारने की नीयत से हमला, मारपीट और धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने इसी मुकदमे में फरार दोनों आरोपियों को थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया है।
इस मामले में पुलिस की कार्रवाई को लेकर गुरुवार को सफाई कर्मचारी नेताओं ने सिविल लाइन थाने का घेराव कर हंगामा किया था। वहीं, विवादित बयान के मामले में सुंदर सिंह राघव समेत 13 लोगों के खिलाफ बन्नादेवी थाने में भी मुकदमा दर्ज किया गया है।
