विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अलीगढ़: सावन के चौथे सोमवार पर भारी वाहनों की नो एंट्री, कई रूटों पर रहेगा डायवर्जन

By Digital Desk Edited By: Prateek Gupta
Published: Fri, 21 Aug 2026 06:49 PM (GMT+05:30)

अलीगढ़ में सावन के चौथे सोमवार को खैरेश्वर महादेव मंदिर पर श्रद्धालुओं की भीड़ के चलते यातायात पुलिस ने डायवर्जन ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।

सांकेतिक तस्वीर।

जागरण संवाददाता, अलीगढ़। श्रावण मास के चौथे सोमवार को खैरेश्वर महादेव मंदिर समेत विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने डायवर्जन प्लान जारी किया है। 24 अगस्त को शहर में भारी और कामर्शियल वाहनों का प्रवेश कई प्रमुख मार्गों पर प्रतिबंधित रहेगा। शुक्रवार शाम से सोमवार शाम तक प्रभावी रहने वाली व्यवस्था के तहत वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से गुजारा जाएगा।

वहीं, सारसौल चौराहे से नादा पुल और खैरेश्वर मंदिर तक समेत कई मार्ग नो-ट्रैफिक जोन रहेंगे। दिल्ली और खुर्जा की तरफ से आने वाले भारी वाहनों को खैरेश्वर चौराहे की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। ऐसे वाहन टोल गभाना से दौरऊ मोड़, खैर, गौमत और जट्टारी होते हुए यमुना एक्सप्रेस-वे से मथुरा, आगरा और कानपुर की ओर जा सकेंगे

एटा-कानपुर की ओर जाने वाले वाहन खैर, इगलास, सासनी और सिकंदराराऊ होकर भी निकल सकेंगे। खैर और टप्पल की ओर से आने वाले भारी वाहनों को भी शहर और खैरेश्वर चौराहे की ओर प्रवेश नहीं मिलेगा। इन्हें खैर से गोंडा, इगलास और सोमना की ओर डायवर्ट किया जाएगा। हल्के वाहनों को मूसेमऊ से जिरौली मोड़ तथा हरिदासपुर तिराहे से जीटी रोड की ओर भेजा जाएगा।

मथुरा और इगलास की ओर से आने वाले भारी वाहनों को खैरेश्वर चौराहा और नादा पुल की ओर जाने से रोका जाएगा। इन्हें मथुरा रोड स्थित गंदानाला पेट्रोल पंप से वन चेतना केंद्र मडराक की ओर भेजा जाएगा। खुर्जा, बुलंदशहर और दिल्ली जाने वाले वाहन इगलास से गोंडा-खैर होकर निकलेंगे।

आगरा की ओर से आने वाले भारी वाहनों को सासनीगेट चौराहे की ओर प्रवेश नहीं मिलेगा। इन्हें एनएच-34 से डायवर्ट किया जाएगा। कानपुर और एटा की ओर से आने वाले भारी वाहन सिकंदराराऊ-हाथरस तथा अकराबाद-नानऊ होकर सासनी, इगलास, गोंडा और खैर की ओर जा सकेंगे

रामघाट रोड पर अतरौली से शहर की ओर आने वाले भारी वाहनों को क्वार्सी चौराहे की ओर प्रतिबंधित किया गया है। इन्हें अतरौली के अवंतीबाई चौराहे से छर्रा, गंगीरी, अकराबाद, कासगंज अथवा गोधा, छतारी और डिबाई की ओर भेजा जाएगा। बुलंदशहर-डिबाई की ओर से आने वाले भारी वाहनों को सुमेरा झाल से बरौली और गभाना की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

सारसौल से खैरेश्वर तक चार पहिया वाहनों पर भी रोक

सारसौल चौराहे से नादा पुल और खैरेश्वर की ओर सभी भारी एवं चार पहिया वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इन वाहनों को भांकरी होकर नए बाईपास से भेजा जाएगा। खैर रोड या यमुना एक्सप्रेस-वे जाने वाले वाहन महरावल से जिरौली रोड होकर लोधा पहुंचकर आगे जा सकेंगे।

रोडवेज बसों का भी बदला रूट

बोनेर तिराहा, कमालपुर, आगरा चेंजर, मथुरा चेंजर, खैरेश्वर चौराहा और भांकरी से रोडवेज बसों का शहर में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। बसें बाईपास से होकर अपने गंतव्य तक जाएंगी। अतरौली की ओर से आने वाली रोडवेज बसें अवंतीबाई चौराहे से ही डायवर्ट होंगी। बुलंदशहर, डिबाई, पहासू और संभल की ओर से आने वाली बसें महेशपुर तिराहा तक आकर वापस डायवर्ट की जाएंगी

इगलास की ओर जाने वाली निजी बसें मथुरा रोड गंदानाला पेट्रोल पंप चौराहे से, सासनी की बसें वन चेतना केंद्र आगरा रोड तिराहे से और खैर की बसें हरिदासपुर तिराहा लोधा से संचालित होंगी।

तीन प्रमुख हिस्से नो-ट्रैफिक जोन

सारसौल से नादा पुल होते हुए खैरेश्वर मंदिर तक, एटा चुंगी से दुबे पड़ाव होकर कंपनीबाग चौराहे तक तथा हरिदासपुर कट थाना लोधा से खैरेश्वर चौराहे तक नो-ट्रैफिक जोन रहेगा। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से डायवर्जन व्यवस्था का पालन करने की अपील की है। हालांकि, एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहन इन प्रतिबंधों से मुक्त रहेंगे।