विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गर्म पूड़ी और सब्जी से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली टायर फटने से पलटी, गंगा स्नान को जा रहे एक दर्जन से अधिक श्रद्धालु झुलसे

By Antriksh Tiwari Edited By: Prateek Gupta
Published: Tue, 12 May 2026 11:04 PM (IST)

अलीगढ़ के छर्रा क्षेत्र में गंगा विसर्जन के लिए जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली का टायर फटने से बड़ा हादसा हो गया। ...और पढ़ें

ट्रैक्टर ट्रॉली पलटने से झुलसी महिला व बच्चा। इनके अलावा भी कई लोग झुलसे हैं।

ट्रैक्टर ट्रॉली पलटने से झुलसी महिला व बच्चा। इनके अलावा भी कई लोग झुलसे हैं।

संवाद सूत्र, छर्रा (अलीगढ़)। थाना बरला के ग्राम अलहदादपुर से गंगा एवं कलश विसर्जन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं के साथ मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। छर्रा क्षेत्र के ग्राम इस्माइलपुर के समीप अचानक ट्रैक्टर ट्रॉली का टायर फट जाने से अफरा-तफरी मच गई।

इस दौरान ट्रॉली में रखे गंगा किनारे भंडारा करने के लिए गर्म भोजन (पूड़ी-सब्जी) के भगौने श्रद्धालुओं के ऊपर पलट गए, जिससे करीब एक दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से झुलस गए और घायल हो गए।

ग्राम अलहदादपुर में कथा व्यास निवासी ग्राम अलहदादपुर विनोद शास्त्री द्वारा बीते 2 मई से श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन चल रहा था। 10 मई को कथा के समापन और 11 मई को विशाल भंडारा हुआ।

मंगलवार को ग्रामीण दो ट्रैक्टर ट्रॉलियों में सवार होकर कलश विसर्जन और गंगा किनारे भंडारा करने के लिए कलकत्ति गंगाजी जा रहे थे। श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली जैसे ही थाना छर्रा क्षेत्र के ग्राम इस्माइलपुर के पास पहुंची, तभी अचानक ट्रॉली का एक टायर फट गया।

झटके के कारण ट्रॉली में रखा भंडारे का उबलता हुआ भोजन श्रद्धालुओं के ऊपर गिर गया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े।

 

ये हुए घायल

हादसे में श्रद्धालु 15 वर्षीय खुशबू पुत्री राजू, 20 वर्षीय ममता पुत्री लटूरी, 45 वर्षीय ऊषा पत्नी केशव देव, 5 वर्षीय रजित पुत्र केशव, 7 वर्षीय निशांत पुत्र केशव, 12 वर्षीय दिपांशू पुत्र प्रेमपाल, 15 वर्षीय लेखराज पुत्र महावीर, 60 वर्षीय चमन पुत्र गौरी शंकर झुलस गए।

 35 वर्षीय ऊर्मिला पत्नी दलवीर, 32 वर्षीय रूमा देवी पत्नी राजकुमार, 30 वर्षीय सुमन पत्नी किशोरी लाल, 20 वर्षीय प्रियंका पुत्री नेक्सेलाल, 13 वर्षीय सोनम पुत्री भूरे सिंह, 25 वर्षीय कमलेश पत्नी राजू, 22 वर्षीय हेमलता पत्नी बनवारी भी सब्जी गिरने से झुलस गए।

 50 वर्षीय विमला पत्नी राधाचरण, 5 वर्षीय अभि पुत्र भूदेव सिंह, 40 वर्षीय प्रियंका पत्नी भूदेव सिंह, 70 वर्षीय बाबूलाल पुत्र जयप्रकाश भी घायल हुए हैं।

ग्रामीणों ने की मदद

हादसे की सूचना मिलते ही पीआरवी डायल 112 मौके पर पहुंची और मौके पर मौजूद ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छर्रा पहुंचाया।

घायलों की गंभीर स्थिति और प्राथमिक उपचार के बाद, डॉक्टरों ने घायलों को जेएन मेडिकल कॉलेज, अलीगढ़ रेफर कर दिया है।