कनेक्शन काट दिया... अब हम तुम्हें काट देंगे; अलीगढ़ में लाइनमैन को खुली धमकी
अलीगढ़ के सिंधौली गांव में बिजली बिल बकाया होने पर कनेक्शन काटने वाले लाइनमैन को धमकी मिली। आरोप है कि ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। गांव सिंधौली में बिजली बिल बकाया होने पर कनेक्शन काटना लाइनमैन को भारी पड़ गया। आरोप है कि कनेक्शन काटे जाने से नाराज व्यक्ति ने खुद को मंत्री का पीआरओ बताते हुए लाइनमैन को फोन पर धमकी दी। बातचीत में कहा गया, "कनेक्शन काट दिया तुमने... अब हम तुम्हें काट देंगे।"
धमकी देने वाले ने लखनऊ पहुंचने के बाद लाइनमैन को नौकरी से हटवाने की बात भी कही। जानकारी के अनुसार गांव सिंधौली निवासी कमलेश देवी पत्नी रविंद्र सिंह पर बिजली बिल के 19 हजार 525 रुपये बकाया थे। बकाया जमा न होने पर 15 सितंबर को दोपहर 1:45 बजे उनका बिजली कनेक्शन काट दिया गया।
रविंद्र सिंह ने इसकी जानकारी अपने बेटे सुमित को दी। जेई रविंद्र सिंह ने बताया कि सुमित पुलिस में हैं और इन दिनों उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह की सुरक्षा में तैनात बताए जा रहे हैं। इसके बाद सुमित के नंबर से लाइनमैन ओमवीर के पास फोन आया।
आरोप है कि फोन करने वाले ने खुद को मंत्री का पीआरओ बताते हुए कनेक्शन काटने पर नाराजगी जताई। जेई ने बताया कि फोन आने से पहले ही कनेक्शन काटा जा चुका था। इस पर फोन करने वाले ने लाइनमैन को नौकरी से हटवाने के साथ जेई और एसडीओ के खिलाफ भी कार्रवाई की धमकी दी। मामले की चर्चा बिजली विभाग में बनी हुई है।
लाइनमैन ओमवीर का कहना है कि काटने की धमकी की जानकारी जेई को दे दी थी। इनका कनेक्शन में पूर्व भी एसडीओ ने अपने सामने कटवाया था। बाद में इन लोगों ने जोड़ लिया था। जेई का कहना है कि शिकायत के साथ आडियो रिकार्डिंग एसडीओ अंबुज प्रजापति को दे दी है।
