विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अलीगढ़: सेल्फी के चक्कर में युवक नहर में डूबा, गोताखोरों ने देर तक की तलाश; नहीं लगा कोई सुराग

By Gauri Shankar Sharma Edited By: Prateek Gupta
Published: Thu, 13 Aug 2026 07:56 PM (IST)

अलीगढ़ में नहर सुमेरा झाल पर सेल्फी लेते समय एक युवक का पैर फिसल गया और वह नहर में डूब ...और पढ़ें

जवां नहर में डूबा मारुक।

जवां नहर में डूबा मारुक।

संवाद सूत्र ,जवां (अलीगढ़)। नहर सुमेरा झाल पर सेल्फी ले रहे एक युवक का पैर फिसल जाने से डूब कर नहर में बह गया, सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर गोताखोरों की मदद से युवक को तलाश करने की कोशिश की लेकिन उसका पता नहीं लग सका।

मारुक पुत्र शकील खान 18 वर्ष, निवासी ठाकुर वाली गली भुजपुरा अलीगढ़ तीन बहनों मुस्कान,इल्मा, माहेरा के साथ गुरुवार को करीब शाम साढ़े चार बजे जनपद बुलंदशहर के थाना छतारी क्षेत्र स्थित बननेर शरीफ दरगाह के दर्शन करके बाइक से अपने घर लौट रहा था कि नहर सुमेरा झाल पर अपनी तीनों बहनों को नहर के किनारे खड़ी करके पुल से नीचे उतर कर नहर पुल से सेल्फी लेने लगा

जहां उसका पैर नहर में फिसल गया जिस पर वह डूब कर बह गया, उसकी तीनों बहनों ने शोर मचाया लेकिन पानी के तेज बहाव को देखकर युवक को बचाने की किसी ने हिम्मत नहीं की, किसी ने मामले की सूचना थानाध्यक्ष धीरज कुमार को फोन पर दी तो वह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए एवं स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक को तलाश किया लेकिन उसका कहीं पता नहीं लग सका।

पुलिस ने नहर को हरदू गंज पुल तक नाकेबंदी कर युवक को तलाश किया लेकिन देर शाम तक पता नहीं लग सका। मृतक अपने पिता व भाइयों के साथ मजदूरी कर फर्नीचर पर पालिश का काम करता था उसके डूबने से उसके माता-पिता भाई व बहनों का रो-रो कर बुरा हाल है।

सेल्फी लेने में दे रहे हैं मौत को न्यौता

नहर में पानी का बहाव बहुत तेज है, लेकिन सेल्फी व इंस्टाग्राम वीडियो बनाने वाले लोग वहां पर जाकर वीडियो बनाते हैं, जो अपनी मौत को न्योता दे रहे हैं। जब भी पुलिस जाती है ऐसे लोगों को वहां से खदेड़ देती है, लेकिन लोग फिर भी अपनी आदत से बाज नहीं आ रहे।