मंत्री जी...आपकी तो शादी हो जाएगी, हम तो कुंवारे ही मर जाएंगे; अलीगढ़ में अभ्यर्थियों का अनूठा प्रदर्शन
68500 सहायक शिक्षक भर्ती-2018 के अभ्यर्थियों ने ओबीसी को उत्तीर्णांक में 5% छूट की मांग को लेकर अलीगढ़ में बेसिक ...और पढ़ें

अलीगढ़ में शिक्षा राज्य मंत्री संदीप सिंह के आवास के बाहर प्रदर्शन करते शिक्षक।
HighLights
ओबीसी को उत्तीर्णांक में 5% छूट की मांग उठाई गई।
'हम तो कुंवारे ही मर जाएंगे' पोस्टर ने खींचा सबका ध्यान।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। 68500 सहायक शिक्षक भर्ती-2018 में नियुक्ति की आस लगाए बैठे अभ्यर्थियों का इंतजार शनिवार को एक बार फिर प्रदर्शन में बदल गया। प्रदेश के अलग-अलग जिलों से पहुंचे अभ्यर्थियों ने बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह के मेरिस रोड स्थित आवास पर धरना देकर अपनी मांगें उठाईं।
मथुरा, कासगंज व बरेली समेत कई जिलों से आए अभ्यर्थियों ने सरकार से पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों को उत्तीर्णांक में पांच प्रतिशत की छूट देने और इसके आधार पर लंबित नियुक्तियों का रास्ता साफ करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थी हाथों में पोस्टर व बैनर लेकर पहुंचे थे। इनमें एक पोस्टर ने सभी का ध्यान खींचा।
उस पर लिखा था, ‘मंत्री जी आपकी तो शादी हो जाएगी, हम तो कुंवारे ही मर जाएंगे।’ अभ्यर्थियों ने इस संदेश के जरिये लंबे समय से नौकरी की प्रतीक्षा के कारण उम्र निकलने व भविष्य को लेकर अपनी चिंता जाहिर की।
अभ्यर्थियों का कहना है कि 68500 सहायक शिक्षक भर्ती-2018 के मामले में उत्तर प्रदेश राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग ने ओबीसी अभ्यर्थियों को उत्तीर्णांक में पांच प्रतिशत की छूट दिए जाने की संस्तुति की है। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से इसी संस्तुति को लागू करने की मांग उठाई।
अभ्यर्थियों की ओर से मुख्यमंत्री को दिए गए पत्र में कहा गया है कि पांच प्रतिशत की छूट के बाद 150 में 60 अंक यानी 40 प्रतिशत प्राप्त करने वाले ओबीसी अभ्यर्थियों को पात्र मानते हुए सफल अभ्यर्थियों की नियुक्ति की जाए। उनका कहना है कि इस संबंध में शीघ्र निर्णय होने से लंबे समय से नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे अभ्यर्थियों को राहत मिल सकती है।
मिलने की मांग, गाड़ी से रवाना हुए मंत्री
धरने के दौरान प्रदर्शनकारियों ने मंत्री संदीप सिंह से मुलाकात कर अपनी बात रखने की मांग की। अभ्यर्थियों के अनुसार मंत्री कुछ समय के लिए सामने स्थित होटल में मौजूद थे। प्रदर्शनकारियों ने कई बार उनसे मिलने का आग्रह किया। बाद में मंत्री अपनी गाड़ी से वहां से रवाना हो गए।
अभ्यर्थियों ने कहा कि वे लंबे समय से नियुक्ति की मांग को लेकर अलग-अलग स्तर पर अपनी बात रखते आ रहे हैं। अब उनकी मांग है कि सरकार इस प्रकरण पर जल्द निर्णय लेकर नियुक्ति प्रक्रिया को आगे बढ़ाए। मौके पर पहुंचे एसीएम द्वितीय पारितोष मिश्रा व सीओ सर्वम सिंह समझाने का प्रयास किया।
एसीएम द्वितीय ने बताया कि अभ्यर्थियों के प्रतिनिधि मंडल को 22 सितंबर को मंत्री से मुलाकात कराने के प्रयास का आश्वासन दिया गया। इसके बाद वह वापस चले गए।
