अलीगढ़ में आधी रात फैक्ट्री पर छापा, तीन क्विंटल संदिग्ध पनीर नष्ट; 200 लीटर दूध मिला
खाद्य सुरक्षा विभाग ने अलीगढ़ में आधी रात एक पनीर निर्माणशाला पर छापा मारा। छापेमारी में तीन क्विंटल संदिग्ध पनीर, ...और पढ़ें

सुदेशपुर में फैक्ट्री में मिले पनीर व अन्य सामान की जांच करते अधिकारी।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। त्योहारों के बीच मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की टीम ने गुरुवार रात दो बजे सुदेशपुर गांव में पनीर निर्माणशाला पर छापा मारा। यहां करीब तीन क्विंटल संदिग्ध पनीर के साथ 200 लीटर मिश्रित दूध, 40 किलोग्राम छेना व पनीर बनाने में इस्तेमाल होने वाले संदिग्ध घोल व रसायन मिले।
टीम ने मौके से छह नमूने लेकर जांच के लिए भेजे। मानव उपभोग के योग्य नहीं पाए जाने और शीघ्र खराब होने की आशंका के चलते पनीर, दूध, छेना और पनीर घोल को नष्ट करा दिया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग को मिली सूचना के आधार पर सहायक आयुक्त खाद्य-द्वितीय दीपक सिंह ने टीम के साथ आमिर खान पुत्र अहमद सैयद की पनीर निर्माणशाला पर कार्रवाई की।
मौके से मिले तीन क्विंटल पनीर की अनुमानित कीमत 72 हजार रुपये, 200 लीटर मिश्रित दूध की 10 हजार रुपये और 40 किलोग्राम छेना की 9,600 रुपये बताई गई है। छह नमूने जांच को भेजे टीम ने पनीर के दो, मिश्रित दूध का एक, छेना का एक, पनीर घोल का एक और दूध फाड़ने में इस्तेमाल होने वाले रसायन का एक नमूना लिया।
कुल छह नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। पनीर घोल और रसायन में मिलावट की आशंका जताई गई है। शेष पांच लीटर रसायन खाद्य कारोबारी की अभिरक्षा में दिया गया है।
लाइसेंस नहीं मिला, कारोबार बंद कराया
जांच के दौरान खाद्य कारोबार का लाइसेंस या पंजीकरण नहीं मिला। इस पर टीम ने निर्माणशाला में खाद्य कारोबार बंद करा दिया। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अंशुल पांडेय, तन्मय अग्रहरि, महेश कुमार, आशीष गंगवार व त्रिभुवन नारायण शामिल रहे।
